
अखंड प्रताप सिंह/कानपुर. यूपी के कानपुर महानगर से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. दरअसल बड़े भाई ने छोटे भाई की सूजे से वार कर हत्या कर दी. हत्या की वजह दोनों के बीच दुकान को लेकर विवाद बताया जा रहा है. वहीं, हत्या करने के बाद बड़ा भाई फरार है. पुलिस आरोपी की जांच में जुटी हुई है.
मामला कानपुर महानगर के रावतपुर थाना क्षेत्र का है. रावतपुर गांव में रहने वाले दीपक राजपूत और विष्णु एक बर्फ की दुकान लगाते थे. दोनों के बीच अक्सर दुकान के बंटवारे को लेकर लड़ाई झगड़ा हुआ करता था. इसी दुकान की वजह से विष्णु ने दीपक की सूजा घोप कर हत्या कर दी. इससे दीपक की मौत हो गई. दीपक के परिवार में उसकी पत्नी और डेढ़ साल का बच्चा है.
हत्या के बाद बड़ा भाई मौके से फरार
मृतक दीपक के सबसे बड़े भाई बबुआ ने बताया कि वह चार भाई हैं, जिसमें विष्णु और दीपक एक बर्फ की दुकान चलाते थे. रोजाना शराब पीकर विष्णु दीपक को परेशान करता था. दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद हुआ था. परिवार के अन्य सदस्य और क्षेत्रीय लोगों ने कई बार दोनों को समझा कर समझौता कराया था. बीती देर रात भी विष्णु और दीपक के बीच झड़प हो गई थी. मामला इतना बढ़ा कि विष्णु ने दीपक पर बर्फ काटने वाले सूजे से वार कर दिया, जिससे दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया और विष्णु मौके से फरार हो गया. आनन-फानन में क्षेत्रीय लोगों ने विष्णु को एक अस्पताल ले गए जहां से उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया. विष्णु की इलाज के दौरान मौत हो गई. जानकारी होने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम बुलाकर जांच की गई.
जांच में जुटी पुलिस
एसीपी जलालपुर विकास पांडे ने बताया कि बड़े भाई द्वारा छोटे भाई की हत्या का मामला सामने आया है. पुलिस हत्यारोपी की तलाश में जुटी हुई है. जल्द ही हत्यारोपी भाई की गिरफ्तारी कर ली जाएगी.
.
FIRST PUBLISHED : June 01, 2023, 17:47 IST








