हाइलाइट्स
दिल्ली पुलिस ने ट्वीट कर किया खंडन
महिला पहलवानों ने अनशन की दी धमकी
नई दिल्ली. दिल्ली पुलिस ने उन मीडिया रिपोर्ट्स को खारिज किया है जिसमें भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह (Brijbhushan Sharan Singh) को राहत देने की बात कही जा रही थी. दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए सफाई दी है कि इस मामले में जांच अभी जारी है और जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट कोर्ट में सौंपी जाएगी. विनेश फोगाट, साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया ने धमकी दी है कि अब वह इंडिया गेट पर आमरण अनशन करेंगे.
दिल्ली पुलिस ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया, ‘ कुछ मीडिया चैनल महिला पहलवानों द्वारा दर्ज मुकद्दमे में पुलिस द्वारा फाइनल रिपोर्ट दाखिल किए जाने की खबर प्रसारित कर रहे हैं. यह खबर पूरी तरह गलत है. यह केस अभी विवेचन में है और पूरी तफ्तीश के बाद ही उचित रिपोर्ट न्यायालय में रखी जाएगी.’ दिल्ली पुलिस ने अपने इस ट्वीट को कुछ ही देर बाद डिलीट कर दिया. हालांकि दिल्ली पुलिस जब अपने ट्वीट को डिलीट करती उससे पहले यह वायरल हो चुकी थी.

डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष के खिलाफ नाबालिग सहित 7 महिला पहलवानों ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं. दिल्ली पुलिस ने पहलवानों की शिकायत पर दो एफआईआर दर्ज किए हैं. पहले मीडिया रिपोर्ट में यह कहा गया था कि पुलिस की ओर से बयान जारी हुआ है कि बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पर्याप्त सबूत नहीं मिले हैं. और पुलिस फाइनल रिपोर्ट फाइल करने की तैयारी कर रही है. इस खबर के आने के बाद दिल्ली पुलिस ने इसका खंडन किया है.

समाचार एजेंसी एएनआई ने दिल्ली पुलिस के टॉप सोर्स के हवाले से ट्वीट किया था, ‘ अब तक हमें बृजभूषण सिंह को गिरफ्तार करने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं मिले हैं. 15 दिनों के भीतर हम कोर्ट में अपनी रिपोर्ट दाखिल करेंगे. यह चार्जशीट या अंतिम रिपोर्ट हो सकती है. पहलवानों के दावे को साबित करने वाला कोई सबूत नहीं मिला है.

प्रदर्शनकारी पहलवानों ने इंडिया गेट पर अनशन का ऐलान किया है. दिल्ली पुलिस ने रविवार को जंतर मंतर से उन्हें हटा दिया था. बावजूद इसके पहलवान बृजभूषण की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अड़े हुए हैं. उनका कहना है कि जब तक डब्ल्यूएफआई के अध्यक्ष की गिरफ्तारी नहीं होती, तबतक वह चैन से नहीं बैठने वाले हैं.
.
Tags: BJP MP Brijbhushan Sharan Singh, Delhi police, Sakshi Malik
FIRST PUBLISHED : May 31, 2023, 16:11 IST








