
हाइलाइट्स
कारों में आग वायरिंग से छेड़छाड़ के चलते लगती है.
कार में एक्सेसरीज कंपनी डीलर से ही लगवानी चाहिए.
ऐसा न करने पर कार की वारंटी खत्म हो जाती है.
नई दिल्ली. एलपीजी या सीएनजी कारों के अलावा पेट्रोल और डीजल कारों में भी आग लगने की खबरें आम हैं. खासकर गर्मी के मौसम में इन कारों में अचानक आग लग जाती है. कई बार ये जान पर भी भारी पड़ जाता है. ऐसा ही एक मामला हाल ही में देखने को मिला जब एक नई XUV 700 में जयपुर के पास हाईवे पर अचानक आग लग गई. कार में आग लगने के बाद ग्राहक ने कंपनी में संपर्क किया और अपनी कार को लेकर हर्जाना या रिप्लेसमेंट की मांग की. कंपनी ने इस मामले की जब छानबीन की तो चौंकाने वाला जवाब मिला.
कंपनी ने जिस कार में आग लगी उसकी वारंटी ही कैंसिल कर दी. जिसके बाद उसे किसी भी तरह का हर्जाना नहीं मिला. अब ग्राहक के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई. तो आइये जानते हैं कार में आग कैसे लग जाती है और क्यों खत्म हो जाती है कार की वारंटी जबकि उसका समय बाकि होता है.
कैसे लगती है आग
पेट्रोल और डीजल की कार में आग लगने के दो बड़े कारण होते हैं. पहला कारण होता है वायरिंग और दूसरा फ्यूल का लीक करना. फ्यूल का लीक करना बहुत ही कम मामलों में सामने आता है और ये ज्यादातर पुरानी गाड़ियों के साथ होता है. फ्यूल ज्यादातर इंजेक्टर से लीक करता है. इसलिए जरूरी है कि सर्विस के दौरान आप कार के इंजेक्टर को चेक करवाएं.
दूसरा कारण सबसे बड़ा होता है. दरअसल कार में होने वाले किसी भी तरह का शॉर्ट सर्किट खतरनाक होता है और ये बड़ी आग का कारण बन सकता है. ज्यादातर शॉर्ट सर्किट वायरिंग के साथ छेड़छाड़ करने पर होता है. जब भी हम कार में किसी तरह की इलेक्ट्रिक एक्सेसरी कंपनी में नहीं लगवा कर एक्सेसरी शॉप से लगवाते हैं तो वे कार की वायरिंग को काट कर कनेक्शन करते हैं. गर्मी के मौसम में जब तार ज्यादा गर्म होते हैं तो इनके कनेक्शन क्योंकि ये कप्लर से नहीं जुड़े होते हैं, खुलने लगते हैं और इसी के चलते शॉर्ट होता है. यही बड़ी आग का कारण बनता है.
कंपनी क्यों खत्म करती है वारंटी
कंपनी कार की वारंटी उस समय खत्म करती है जब कार की वायरिंग या किसी और पार्ट से छेड़छाड़ की जाए. ज्यादातर ऐसे मामलों में सामने आता है कि किसी तरह की एक्सेसरी लगवाने के लिए वायरिंग से छेड़छाड़ की गई. ऐसा ही जयपुर में हुए हादसे में भी सामने आया. कंपनी ने जब मामले की जांच की तो पता चला कि ग्राहक ने बाहरी दुकान से कार में कोई एक्सेसरी लगवाई थी जिसके चलते कार की वायरिंग से छेड़छाड़ की गई थी. जिसके बाद कार में शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगी.
क्या करना चाहिए
कार में कभी भी बाहरी किसी दुकान से एक्सेसरी नहीं लगवानी चाहिए. ऐसा करने से कार की वारंटी खत्म हो जाती है. कार में यदि आप कोई एक्सेसरी लगवाना चाहते हैं तो वे कंपनी के ऑथोराइज्ड डीलर से ही लगवाएं. इससे कार की वारंटी खत्म नहीं होती है और वायरिंग से किसी भी तरह की छेड़छाड़ नहीं की जाती है.
.
Tags: Auto News, Car Bike News
FIRST PUBLISHED : May 31, 2023, 16:15 IST








