
सच्चिदानन्द/पटना. होनहार बिरवान के होत चिकने पात. यह कहावत तो आपने सुनी ही होगी, इसको चरितार्थ किया है पटना की रहने वाली आकांक्षा आनंद ने. आकांक्षा को यूपीएससी 2022 में 205वीं रैंक मिली है. आकांक्षा अब IAS बनने वाली हैं. फिलहाल सीतामढ़ी में बतौर वेटनरी ऑफिसर डॉ. आकांक्षा आनन्द पदस्थापित हैं, लेकिन कॉलेज से ही इनकी रुचि आईएएस बनने की थी.
पटना वेटेनरी कॉलेज से गोल्ड मेडल के साथ ग्रेजुएशन करने के बाद अपने सपने को पूरा करने के लिए यूपीएससी की तैयारी में लग गई. डॉ. आकांक्षा बताती हैं कि इंटरव्यू के समय ही मेरी वेटनरी ऑफिसर के रूप में ज्वाइनिंग हुई थी. नौकरी और सपना दोनों को मैनेज करना बड़ा कठिन रहा था.
30 साल पुराने रिश्तेदार भी कर रहे हैं कॉल
आकांक्षा की माताजी एक शिक्षिका हैं, तो वहीं पिता स्वास्थ्य विभाग में क्लर्क हैं. माताजी बताती हैं कि मेरा शुर से सपना था कि बेटी आईएएस ऑफिसर बने. इसीलिए शुरू से ही इसकी पढ़ाई पर पूरे परिवार का जोर रहा. नतीजन आज मेरी पहचान मेरी बेटी की वजह से हो रही है. कई पुराने रिश्तेदार जिनसे कई सालों से बात नहीं होती थी वे भी नंबर खोज कर फोन कर रहे हैं. पूरे परिवार में खुशी का माहौल हैं. पिता के ऑफिस में भी मिठाइयां बांटी जा रही है. दोस्त और पड़ोसी भी लगातर कॉल कर रहे हैं. साथ ही पटना वेटनरी कॉलेज में भी खुशी का माहौल है. हाल ही में हुए दीक्षांत समारोह में आकांक्षा को गोल्ड मेडल से नवाजा गया था.
सेल्फ स्टडी ही दिलवाएगी अच्छे मार्क्स
डॉ. आकांक्षा आनन्द बताती हैं कि यह मेरा दूसरा प्रयास था. इस परीक्षा में सफल होने के लिए सेल्फ स्टडी बहुत जरुरी है. साथ ही 8 घंटे की रेगुलर स्टडी भी जरूरी हैं, क्योंकि सिलेबस बहुत बड़ा है. कांसेप्ट क्लियर होना चाहिए. उन्होंने बताया कि घर पर ही लिखित परीक्षा की तैयारी हुई. 80 फीसदी हिस्सा सेल्फ स्टडी का रहा और बाकी ऑनलाइन माध्यम से तैयारी हुई.
इंटरव्यू के समय सीतामढ़ी में ज्वाइनिंग हो गई थी. दोनों चीजों को साथ लेकर चलना पड़ा. इस बीच घरवालों का भी खूब सहयोग रहा. स्कूल से आते ही मम्मी खाना लेकर कमरे में आ जाती थी. इस सफर में एक मोड़ ऐसा आया जब मुझे निर्णय लेना था कि एक सुरक्षित करियर वेटनरी में पीजी करूं या फिर यूपीएससी की तैयारी करूं. पीजी में सर्जरी मिल रहा था जो बेस्ट था, लेकिन एक सुरक्षित मौका छोड़ तैयारी करने की ठानी और आज रिजल्ट आ चुका है.
.
FIRST PUBLISHED : May 26, 2023, 17:22 IST








