
अगर आपको चोट लगे या शरीर में कोई तकलीफ हो, तो आपको दर्द (Pain)होता है. कराह उठते हैं. कई लोग तो रो पड़ते हैं. लेकिन दुनिया में एक महिला ऐसे भी हैं जिन्हें दर्द का एहसास ही नहीं होता. भले ही उन्हें कितनी चोट लग जाए. उनका हाथ या पैर कट जाए, या खौलते पानी या तेल में वो अपना हाथ डाल दें. वो अंगारों पर चलें. यहां तक कि अगर बेहोश किए बिना उनका ऑपरेशन कर दिया जाए तो भी वो कोई दर्द महसूस नहीं करेंगी.
न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, स्कॉटलैंड की 74 वर्षीय जो कैमरन एक दुर्लभ जेनेटिक बीमारी की शिकार हैं. जी हां, दुर्लभ बीमारी. उनकी हड्डियां टूटीं, ऑपरेशन हुए, कार हादसों में कई बार उनके शरीर की नसें फट गईं, लेकिन उन्हें कभी दर्द महसूस नहीं हुआ. डॉक्टरों के मुताबिक, इसकी वजह एक जन्मजात बीमारी एनाल्जेसिया (analgesia)है. 2013 में डॉक्टरों ने इस बीमारी का पता लगाया था. 6 साल तक चले रिसर्च के बाद डॉक्टरों ने बताया कि एक रेयर जेनेटिक म्यूटेशन की वजह से वह दर्द मुक्त (pain-free)हो गई हैं. इसे डॉक्टरों ने फैटी एसिड एमाइड हाइड्रॉलेज़ (FAAH)जीन में म्यूटेशन का नाम दिया. यह सेंट्रल नर्वस सिस्टम के कुछ हिस्सों में दर्द, मनोदशा, स्मृति बनाए रखने के लिए जाना जाता है.
दर्द एक अलार्म बेल की तरह
दरअसल, दर्द होना इसलिए जरूरी है कि इससे हमें पता चलता है कि हमारे शरीर में दिक्कत कहां है. तकलीफ कितनी ज्यादा है. तभी हम इसका इलाज कर पाते हैं. अगर दर्द ही नहीं होगा तो हमें पता ही नहीं चलेगा कि तकलीफ कितनी है. सही मायनों में दर्द एक अलार्म बेल की तरह होता है. जैसे ही शरीर में कहीं दर्द होता है, हमें अंदाजा हो जाता है कि कोई गड़बड़ हो गई है. ब्रेन इस बारे में हमें अलर्ट कर देता है और हम खुद को खतरों से या जो चीज दर्द देती है, उससे बचाते हैं. मगर कैमरन के साथ ऐसा बिल्कुल नहीं है.
मैं दुनिया में सबसे अलग हूं
कैमरन ने कहा, मुझे पता था कि मैं एक खुशमिजाज व्यक्ति हूं, लेकिन मुझे नहीं पता था कि मैं दुनिया में सबसे अलग हूं. मुझे नहीं पता था कि 65 साल की उम्र तक मेरे शरीर में कुछ अजीब चल रहा है. जीन और जेनेटिक म्यूटेशन का कांबिनेशन मुझे दुनिया में सबसे अलग बनाता है. ब्रेन में पब्लिश (published in Brain) स्टडी के मुताबिक, यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन के विशेषज्ञों ने पाया कि FAAH-OUT जीन में म्यूटेशन मॉलिक्यूलर लेवल पर अलग तरह से काम करता है, जिसकी वजह कैमरन को दर्द महसूस नहीं होता. विशेषज्ञों के मुताबिक, यह रिसर्च दर्द निवारक दवाओं के लिए और रास्ते खोल सकता है. हम ऐसी दवाएं तैयार कर सकते हैं, जिनसे कभी दर्द ही न हो.
.
Tags: Ajab Gajab news, Amazing news, Bizarre news, Good news, OMG News, Shocking news, Weird news
FIRST PUBLISHED : May 25, 2023, 13:44 IST








