
हिमांशु जोशी/पिथौरागढ़. उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में बुजुर्ग महिला की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. महिला की हत्या लूटपाट के लिए की गई थी. पुलिस ने आरोपी को नैनीताल जिले के बिंदुखत्ता से गिरफ्तार किया है. उसके पास से महिला के सोने के एक जोड़ी कुंडल और गलोबंद बरामद किया गया है. पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है.
मिली जानकारी के अनुसार, 13 मई को डीडीहाट में घोरपट्टा के जंगल में एक बुजुर्ग महिला का शव मिला था. पुलिस ने शव की शिनाख्त के काफी प्रयास किए, लेकिन कुछ पता नहीं चला. जिसके बाद 15 मई को मृतका के नाती संजय सिंह ने शव की शिनाख्त हीरा देवी (65) निवासी फुलतड़ी थाना जौलजीबी के रूप में की. उसने बताया कि उसकी नानी 12 मई को शादी में शामिल होने के लिए फुलतड़ी से कालिका धारचूला के लिए निकली थीं, लेकिन वह शादी समारोह में नहीं पहुंच पाई थीं.
एसपी लोकेश्वर सिंह ने बताया कि पुलिस को मृतका के शरीर से जेवर गायब मिले थे, जिसके बाद डीडीहाट पुलिस ने लूट और हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की. इस दौरान एक संदिग्ध गाड़ी दिखाई दी. उसकी जांच की गई और फिर उमेद राम (34) को सर्विलांस सेल की मदद से बिंदुखत्ता से गिरफ्तार किया गया. पुलिस पूछताछ में उसने अपना जुर्म कुबूल कर लिया. आरोपी ने बताया कि उसने बुजुर्ग महिला को लिफ्ट देने के बाद कार में ही गला दबाकर उनकी हत्या कर दी थी. इसके बाद शव को डीडीहाट-थल मार्ग के जंगल में फेंक दिया.
शव को दो घंटे कार में घुमाता रहा
एसपी लोकेश्वर सिंह ने बताया कि हत्या करने के बाद आरोपी शव को कार में ही लगभग दो घंटे तक घुमाता रहा. इसके बाद शव को जंगल में फेंककर मौके से फरार हो गया. आरोपी उमेद राम ने पुलिस को बताया कि उसको रुपये की जरूरत थी. उसे सुनसान रास्ते में बुजुर्ग महिला मिल गई. महिला के कानों में सोने के झुमके और गले में गलोबंद देख उसकी नीयत खराब हो गई. उसने महिला को संवेदना दिखाते हुए शादी में छोड़ने की बात कहकर कार में बैठा लिया. इसके बाद आरोपी ने सुनसान जंगल में कार में ही गला घोंटकर हीरा देवी की हत्या कर दी. पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में डीडीहाट में एक संदिग्ध कार घूमती दिखी. शक होने पर जांच की तो 24 घंटे में ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.
.
Tags: Crime News, Pithoragarh news, Uttarakhand Police
FIRST PUBLISHED : May 19, 2023, 15:53 IST








