
आदित्य कुमार, नोएडा. लोग घर खरीदते हैं सुकून से रहने के लिए लेकिन ग्रेटर नोएडा वेस्ट में घर खरीददार परेशान हैं. पहले घर के लिए लड़ाई लड़ी अब घर में मूलभूत सुविधाओं के लिए लड़ रहे हैं. ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसाइटी सुपरटेक इकोविलेज1 में पिछले एक महीने से लोग धरने पर बैठे हैं. आंधी तूफान तेज बारिश के बाद भी लोग धरना प्रदर्शन कर रहे हैं. लेकिन उसके बावजूद कोई उनकी समस्याओं को सुनने नहीं आ रहा है.
चितरंजन इकोविलेज 1 में रहने वाले बताते हैं कि सोसाइटी में बिल्डर ने एनपीसीएल से 5000 किलोवाट का कनेक्शन लिया हुआ है जबकि जरूरत यहां 13 हजार किलोवाट की है. आबादी भी यहां 6000 परिवार की होगी लेकिन कोई व्यवस्था ऐसी नहीं है, जिससे लोग चैन से रह पाए. आए दिन लाइट कटती है और 10 से 12 घंटे तक लाइट गुल रहती है. बिल्डर हमसे एक किलोवाट का पावर बढ़ाने का 27,000 तक चार्ज कर रहा है जो कि बहुत अधिक है. चितरंजन बताते हैं कि यह इतना महंगा है कि सब लोग अफोर्ड नहीं कर सकते हैं.
13 साल से रह रहे हैं लोग दिक्कत खत्म हो नहीं रही है
रंजना 2018 से इस सोसाइटी में रह रही है, वो बताती है कि एक तो घर हम लोगों को देर से मिला. अब जब मिला है तो दिक्कत इतनी है कि रहना बहुत मुश्किल है. बिजली का इंफ्रास्ट्रक्चर इतना खराब है कि हमेशा लाइट कटती रहती है, जब शिकायत करो तो दो दो हफ्ते कोई सुनने वाला नहीं होता. रंजना ने बताया कि पार्किंग का हमसे पांच लाख रुपये तक मांग रहे हैं, इतना महंगा जायज कैसे हो सकता है? इस मामले सुपरटेक के डायरेक्टर मोहित अरोरा, नीतीश अरोरा दोनों को फ़ोन किया गया लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया.








