मातम में बदली शादी की खुशियां, जयमाला के दौरान हुई फायरिंग में बाराती को लगी गोली, मौके पर मौत

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


समस्तीपुर. बिहार पुलिस की तमाम सख्ती के बावजूद हर्ष फायरिंग की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं. एक बार फिर शादी समारोह में हुई हर्ष फायरिंग में एक युवक की जान चली गई और पूरा खुशी का माहौल मातम में तब्दील हो गया. मामला समस्तीपुर जिला से जुड़ा है. जिले के दलसिंहसराय अनुमंडल क्षेत्र के अंगार घाट थाना अंतर्गत चेता उत्तरी पंचायत में ये घटना हुई है. घटना के संदर्भ में मिली जानकारी के मुताबिक अंगारघाट थाना क्षेत्र के चैता उत्तरी में बुधवार की रात बारात आई थी.

बारात में हर्ष फायरिंग के दौरान एक युवक जो कि बारात में ही आया था को गोली लग गई और गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान पूसा थाना क्षेत्र के बिशनपुर बथुआ गांव के रामशंकर सिंह के पुत्र अमन कुमार के रूप में हुई है. घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज जांच में जुट गई है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि बारात कर्पूरी ग्राम थाना क्षेत्र के डढ़िया बेलार गांव से अंगारघाट थाना क्षेत्र के चैता गई थी.

अमन अपने दोस्त के भाई की शादी में शामिल होने के लिए बारात गया था. जयमाला के दौरान एक युवक पंडाल में फायरिंग कर रहा था. बताया जा रहा है कि युवक द्वारा दो राउंड गोली चलाई गई जबकि तीसरी गोली पिस्टल में ही फंस गई. गोली छुड़ाने के दौरान अचानक फायर हुआ और अमन के सिर में एक गोली जा लगी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया. बताया जाता है कि इस दौरान लोगों का आक्रोश भड़क गया और पंडाल में रखे लगभग सभी कुर्सियां तोड़ दी गईं.

परिवार के लोगों ने आनन-फानन में शादी का कार्यक्रम संपन्न कराया. मृतक के परिजन मृतक के दोस्त पर हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज कर जांच शुरू कर दिया. पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा भी बरामद किया है. इस संबंध में थानाध्यक्ष का कहना है कि शादी समारोह में हर्ष फायरिंग के दौरान युवक को गोली लगी जिससे उसकी मौत हो गई है. शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है.

मालूम हो कि अभी लगभग एक सप्ताह पूर्व दलसिंहसराय अनुमंडल क्षेत्र के ही दलसिंहसराय थाना इलाके में शादी समारोह में भी हर्ष फायरिंग हुई थी. इस घटना में 11 साल के बच्चे की गोली लगने से मौत हो गई थी वहीं दूसरा जख्मी हुआ था.

Tags: Bihar News, Crime In Bihar, Samastipur news

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें