
हाइलाइट्स
मारुति जिम्नी को भारत में जल्द लाॅन्च किया जाएगा.
जिम्नी के ग्लोबल माॅडल को यूरो क्रैश टेस्ट में 3 स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है.
भारत में जिम्नी का मुकाबला महिंद्रा थार से हैं.
Maruti Jimny Vs Mahindra Thar Safety Ratings: इन दिनों मारुति जिम्नी की खूब चर्चा हो रही है. ऑफ-रोड क्षमता के साथ आने वाली इस एसयूवी को लोग खूब पसंद कर रहे हैं. कंपनी को इस एसयूवी के लिए अबतक 38,000 यूनिट्स से ज्यादा की बुकिंग मिल चुकी है. फिलहाल, मारुति जिम्नी भारत में लॉन्च नहीं हुई है, लेकिन कहा जा रहा है कि इसका मुकाबला महिंद्रा थार से होगा. बता दें कि ग्लोबल NCAP क्रैश टेस्ट में महिंद्रा थार को 4-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिले हैं. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल ये है कि क्या मारुति जिम्नी महिंद्रा थार का सेफ्टी में मुकाबला कर पाएगी?
महिंद्रा थार को साल 2020 में ग्लोबल एनसीएपी (GNCAP) क्रैश टेस्ट में सेफ्टी फीचर्स के लिए 4-स्टार रेटिंग मिले थे. थार ने एडल्ट और चार प्रोटेक्शन दोनों में चार स्टार सेफ्टी रेटिंग हासिल किए थे. थार कई सख्त पैमानों पर ग्लोबल रेटिंग हासिल करने वाली भारतीय एसयूवी की लिस्ट में से एक है. अब मारुति जिम्नी, महिंद्रा थार के लिए चुनौती बनने जा रही है. आइए जानते हैं कि क्या मारुति जिम्नी सेफ्टी के मामले में महिंद्रा थार को टक्कर दे पाएगी.
जिम्नी को मिली 3 स्टार की सेफ्टी रेटिंग
यूरो एनसीएपी ने 2018 में सुजुकी जिम्नी के 3-डोर वाले ग्लोबल मॉडल का क्रैश टेस्ट किया गया, जिसमें जिम्नी को केवल 3 स्टार रेटिंग ही मिले. बता दें कि पैसेंजर्स के सुरक्षा के लिहाज से 3 स्टार सेफ्टी रेटिंग सही नहीं है. यूरो NCAP में मारुति की गाड़ियों का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है. इस टेस्ट में मारुति ऑल्टो, वैगनआर, सेलेरियो और एस-प्रेसो से लेकर प्रीमियम हैचबैक बलेनो तक फिस्सडी साबित हुई हैं. बता दें कि यूरो NCAP ने अभी तक जिम्नी के इंडियन वर्जन की टेस्टिंग नहीं की है. जिम्नी के ग्लोबल मॉडल ने एडल्ट प्रोटेक्शन में 73% और चाइल्ड प्रोटेक्शन में 84% स्कोर किया था.
क्या हैं जिम्नी में सेफ्टी फीचर्स
कंपनी ग्लोबल बाजार में तीन दरवाजों वाली जिम्नी बेच रही है, लेकिन इंडियन मार्केट में इसे 5 दरवाजों वाले वर्जन में लाया जाएगा. इस वर्जन के साथ सेफ्टी फीचर्स के भी अपडेट होने की उम्मीद है. कंपनी के अनुसार, मारुति जिम्नी में 6 एयरबैग, ब्रेक (LSD) लिमिटेड स्लिप डिफरेंशियल, हिल-होल्ड असिस्ट, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम, हिल डिसेंट कंट्रोल, रियर-व्यू कैमरा, EBD के साथ ABS, ALLGRIP Pro टेक्नोलॉजी जैसे कई सेफ्टी फीचर्स मिलते हैं. कंपनी जिम्नी को 10 लाख रुपये की शुरूआती कीमत पर लॉन्च कर सकती है. खबरों की मानें तो जून के पहले सप्ताह में जिम्नी भारत में लॉन्च हो जाएगी.
थार से सेफ्टी फीचर्स भी हैं शानदार
महिंद्रा थार की बात करें तो यह एक 3 डोर ऑफ-रोड एसयूवी है. यह स्टैंडर्ड तौर पर 6 एयरबैग के साथ आती है. महिंद्रा थार में सीट बेल्ट वार्निंग, चाइल्ड सीट के लिए एंकर पॉइंट, ओवरस्पीड वार्निंग, स्पीड सेंसिंग डोर लॉक, सेंट्रल लॉकिंग, एबीएस-ईबीडी जैसे मिलते हैं. जिम्नी के फीचर्स को देखकर कहा जा सकता है कि क्रैश टेस्ट में जिम्नी अच्छी रेटिंग हासिल कर सकती है. इससे आने वाले दिनों में दोनों एसयूवी के बीच कंपटीशन बढ़ने की उम्मीद है. महिंद्रा थार की कीमत 11.67 लाख रुपये से लेकर 19.43 लाख रुपये के बीच है.
.
Tags: Auto News, Cars, Mahindra and mahindra, Maruti Suzuki
FIRST PUBLISHED : May 18, 2023, 18:16 IST








