
जयपुर. राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार (Ashok Gehlot Government) ने ब्याज मुक्त ऋण (Interest Free Loan) वितरण में नया रिकॉर्ड बनाया है. राजस्थान के इतिहास में पहली बार एक ही वित्तीय वर्ष में सर्वाधिक ब्याज मुक्त सहकारी फसली ऋण वितरण का रिकॉर्ड बनाया गया है. गहलोत सरकार ने वित्तीय वर्ष 2022-23 में 29.71 लाख किसानों को 19 हजार 740 करोड़ रुपये का ब्याज मुक्त सहकारी फसली ऋण वितरित किया है. गहलोत सरकार ने हाल ही में किसानों को 2000 यूनिट बिजली फ्री देना भी शुरू किया है.
सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना बताया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 में खरीफ सीजन में 98 हजार 320 नए किसानों को 180 करोड़ रुपये का और रबी सीजन में 2 लाख 19 हजार 249 नए किसानों को 367 करोड़ रुपये का सहकारी फसली ऋण वितरित किया गया. इस प्रकार कुल 3 लाख 17 हजार 569 नए सदस्य किसानों को 547 करोड़ रुपये का ब्याज मुक्त फसली ऋण वितरित किया गया है.
वर्ष 2012-13 में किसानों के हित में इसे शुरू किया गया था
सहकारिता मंत्री ने बताया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में 2019-20 में 9541.02 करोड़ रुपये, वर्ष 2020-21 में 15235.38 करोड़ रुपये, वर्ष 2021-22 में 18101.68 करोड़ रुपये और वर्ष 2022-23 में 19740.87 करोड़ रुपये का ब्याज मुक्त सहकारी फसली ऋण का वितरण किया गया है. उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार के पूववर्ती कार्यकाल के दौरान वर्ष 2012-13 में किसानों के हित में ब्याज मुक्त सहकारी फसली ऋण प्रारंभ किया गया था.
अपेक्स बैंक ने 115.69 करोड़ रुपये का सकल लाभ अर्जित किया
सहकारिता मंत्री आंजना के मुताबिक अपेक्स एवं केन्द्रीय सहकारी बैंक लगातार किसानों के हित में कार्य कर रहे हैं. अपेक्स बैंक ने बखूबी कार्य करते हुए 115.69 करोड़ रुपये का सकल लाभ अर्जित किया है. इसमें से 73.07 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ रहा है. यह सकल लाभ पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 3.52 करोड़ रुपये अधिक रहा है.








