
अनुज गौतम/सागर: मई के महीने में सूर्य का सितम देखने को मिल रहा है. पारा पिछले 1 हफ्ते से 40 डिग्री के पार है. वहीं गर्मी से निजात पाने के लिए सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले एक छात्र ने कबाड़ के जुगाड़ से गजब का कूलर बनाया है. अब इस कूलर की हवा से पूरा परिवार ठंडी हवा का आनंद ले रहा है. करंट लगने का भी डर नहीं है.
छात्र ने भंगार में पड़ी चीजों का उपयोग कर 3 दिनों में जुगाड़ से कूलर को तैयार किया है. गजब का आविष्कार करने वाला यह छात्र शिवम गौतम सागर के सानोधा गांव का रहने वाला है. शिवम ने इस साल दसवीं की परीक्षा पास की है. उसने इस कूलर को बनाने के लिए बेकार पड़े खराब कूलर से उसकी पुरानी मोटर को निकाला, एक प्लास्टिक की फूटी टंकी को लिया, बाजार से पानी का पंप, पंखी सटक और कुछ स्क्रू खरीद कर लाया.
इसके बाद उसने टंकी जिस तरफ फूटी थी, वहां पंखी के साइज की कटिंग कर उस हिस्से को अलग कर दिया और वहां पर उस मोटर को लगाया. हवा के लिए टंकी का ऊपरी हिस्सा खुला रखा है. साथ ही उसके आजू-बाजू में कट लगाकर लकड़ी फंसा दी, जिससे उनमें हवा का आदान-प्रदान हो रहा है.
अभी है सुधार की जरूरत
कूलर को इस तरह से बनाया गया है कि कूलर और पानी पंप का एक साथ कनेक्शन है, लेकिन पंप के लिए अलग से स्विच दिया गया है. अगर पंप को बंद या चालू करना है तो उसको आवश्यकतानुसार बंद या चालू किया जा सकता है. हालांकि, अभी इसमें कुछ और सुधार की आवश्यकता है. शिवम का कहना है कि पंखी के सामने वाला हिस्सा अभी खुला हुआ है. वह इसके लिए जाली खरीदने बाजार तो गया था, लेकिन मिल नहीं पाया. अब वह जल्द ही शहर जाकर उसे खरीद कर लाएगा. शिवम का कहना है कि जाली लग जाने के बाद यह पूरी तरह से सुरक्षित हो जाएगा. अभी छोटे बच्चों को इससे दूर रख रहा है.
.
Tags: Mp news, Sagar news, Tech Tricks
FIRST PUBLISHED : May 16, 2023, 19:56 IST








