
अनुज गौतम/सागर: जिले के बीना में एक रेल अधिकारी की दो बेटियों की बहादुरी ने घर में चोरी की वारदात को विफल कर दिया. रात तीन बजे कुछ खटपट की आवाज सुनकर एक बेटी की नींद खुल गई, उसने अपनी बहन को जगाया और दोनों बहनों ने बहादुरी से जब चोर को ललकारा तो वह उल्टे पांव भाग खड़ा हुआ.
रात में रेलवे अधिकारी पिता ड्यूटी पर थे. दो बेटियां और मां घर में अकेली थी. रात के तीन बज रहे थे. अचानक कुछ खटपट की आवाज आई तो बाजू के कमरे में सो रही एक बेटी की नींद खुल गई. उसने देखा तो एक युवक अलमारी का लॉक खोलने की कोशिश कर रहा था. यह देखते ही वह समझ गई कि यह चोर है और उसने जोर-जोर से चोर-चोर चिल्लाना शुरू कर दिया. उसकी बहन उसके पास आ गई. तब तक चोर वहीं पर खड़ा था.
दोनों बहनों ने मिलकर हिम्मत दिखाई और जब चोर को पकड़ने की कोशिश की तो वह उल्टे पैर भाग खड़ा हुआ. चोर का सीढ़ियों से उतरकर भागते हुए और उसका पीछा कर रही इन बहनों का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है. घर के बाहर एक कार खड़ी दिखाई दे रही है और यह चोर सीढ़ियों से उतर कर भाग रहा है. बेटियों ने बहादुरी दिखाई जिसकी वजह से उनके घर में चोरी होने से बच गई.
कार से आए थे चोर
वहीं इस घटना को लेकर इन लड़कियों के पिता स्टेशन प्रबंधक संतोष शर्मा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने बताया कि मैं अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ बीना के कुरवाई रोड स्थित नानक वार्ड की नई बस्ती में रहता हूं. रोजाना की तरह बीती रात भी 1:00 बजे ड्यूटी पर आया था. रात 3 बजे 3-4 अज्ञात चोर उनके घर पर एक फोर व्हीलर गाड़ी से पहुंचे थे. उनकी बेटी संस्कृति ने इनमें से एक चोर को देखा था और फिर दोनों बहनों की हिम्मत देखते हुए चोर भागने पर मजबूर हुआ. सूचना मिलने पर मैं भी रात में ही घर पहुंच गया था.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Crime News, Mp news, Sagar news
FIRST PUBLISHED : May 10, 2023, 16:17 IST









