
निशा राठौड़/उदयपुर. हेरिटेज, कल्चर और वेडिंग डेस्टिनेशन के लिए मशहूर राजस्थान के उदयपुर में पर्यटकों को अब वाइल्ड लाइफ टूरिज्म का रोमांच मिलेगा. इसके तहत शहर से 50 किलोमीटर दूर जयसमंद सेंचुरी में लेपर्ड सफारी के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू होने लगे हैं. इससे पहले, जयसमंद सेंचुरी जाने लिए कोई सुविधा नहीं थी. लेकिन, आगामी 22 मई से यहां लेपर्ड सफारी शुरू हो जाएगा जिसके बाद पर्यटक यहां जंगली जानवरों को विचरता देख पाएंगे.
सफारी के लिए गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन शुरू हो गए हैं. पिछले छह माह से सेंचुरी में सफारी की प्रक्रिया चल रही है. सफारी के दौरान अधिकतम 16 गाड़ियां एक पारी में सेंचुरी में जा सकेंगी. इसके लिए 14 किलोमीटर और 23 किलोमीटर के दो ट्रैक बनाए गए हैं.
जयसमंद सेंचुरी तेंदुआ, सियार, गीदड़, जंगली बिल्ली, लोमड़ी, भालू, बड़ा बिज्जू, कब्र बिज्जू, चीतल, सांभर, नीलगाय, चिंकारा, जंगली सूअर, सेही, गिद्ध, मोर समेत कई प्रजातियों के वन्य जीवों की विचरण स्थली है. सेंचुरी में सफारी शुरू होने से पर्यटकों को नया एडवेंचर देखने को मिलेगा.
इस सेंचुरी में विचरण के लिए 3,580 रुपये देने होंगे. ऑनलाइन बुकिंग के जरिये सेंचुरी में सैर के लिए प्रति व्यक्ति 130 टिकट, 300 रुपये व्हीकल चार्ज और 2500 रुपये जीप का किराया लगेगा. जीप में अधिकतम छह लोग बैठ सकेंगे. यानी इन्हें 780 रुपये किराया और व्हीकल चार्ज समेत कुल 3,580 रुपये चुकाने होंगे. इससे कम होने पर सिर्फ टिकट शुल्क कम होगा. पर्यटक ऑनलाइन टिकट बुक करा सकेंगे. सफारी के दौरान जंगल में 20 से 22 किलोमीटर की राइड कराई जाएगी.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 10, 2023, 15:47 IST








