चायल में सपा कार्यकर्ता सम्मेलन में उमड़ी भारी भीड़, सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने केशव मौर्य पर कसा तंज, बोले- अब प्रदेश से होगा सफाया

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

कौशाम्बी। चायल विधानसभा क्षेत्र में रविवार को समाजवादी पार्टी के एक दिवसीय कार्यकर्ता सम्मेलन में भारी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कौशाम्बी के सपा सांसद पुष्पेंद्र सरोज का कार्यकर्ताओं ने माला-फूल पहनाकर भव्य स्वागत किया। सम्मेलन में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी चर्चा तेज रही। इस दौरान सांसद ने भाजपा और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा।

केशव मौर्य के बयान पर सांसद का पलटवार

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य द्वारा सांसदों को बच्चा कहे जाने संबंधी बयान पर पलटवार करते हुए पुष्पेंद्र सरोज ने तंज कसा। उन्होंने कहा, “मुझे याद है कि पिछली बार लोकसभा चुनाव के दौरान भी किसी ने कहा था कि वो बच्चे हैं, तो उनका सफाया हो गया था। अबकी बार किसी और ने कहा है, तो प्रदेश से उनका सफाया हो जाएगा।”

2027 में बदलाव का किया दावा

सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने सम्मेलन में उमड़ी भीड़ को बदलाव का संकेत बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में परिवर्तन की लहर चायल विधानसभा से शुरू हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और INDIA गठबंधन पूरे बहुमत के साथ सरकार बनाएंगे।

उन्होंने भाजपा सरकार पर संविधान और आम जनता के अधिकारों को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता बदलाव चाहती है। उनके मुताबिक, यह सम्मेलन अब केवल कार्यकर्ताओं का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता का सम्मेलन बन गया है। उन्होंने कौशाम्बी में भी राजनीतिक परिवर्तन होने का दावा किया।

एमएलसी प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील

कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान सांसद ने आगामी विधान परिषद चुनाव में सपा प्रत्याशी मानसिंह यादव के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से पार्टी को मजबूत करने तथा आगामी चुनावों की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

दिल्ली में प्रदर्शन को लेकर भाजपा पर साधा निशाना

सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने दिल्ली में चल रहे विरोध-प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों, नौजवानों और बुजुर्गों को रोका जा रहा है तथा पत्रकारों को भी हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सुनी जानी चाहिए और आने वाले चुनाव में जनता लोकतांत्रिक तरीके से अपना जवाब देगी।

कई सपा नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद

सम्मेलन में एमएलसी प्रत्याशी मानसिंह यादव, सपा नेता अनवार अहमद, सालिम जाफरी, भोला सिंह यादव, गुलाम हुसैन, महबूब आलम उर्फ सज्जू समेत सैकड़ों कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान आगामी विधानसभा चुनाव, संगठन की मजबूती और पार्टी की रणनीति को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।

 

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें