कौशाम्बी–
किसानो के मुद्दों पर सतत संघर्ष कर रही समर्थ किसान पार्टी ने एक बार फिर शनिवार को जिला मुख्यालय मंझनपुर की सड़कों पर उतरकर किसानो की समस्यायों के निराकरण हेतु जोरदार प्रदर्शन किया और खाद बीज सिंचाई विद्युत नलकूप सहित पशुओं के लंपी रोग के निदान कराए जाने की मांग की।
शनिवार को सैकड़ों की तादात में जिला पंचायत परिसर मंझनपुर में समर्थ किसान पार्टी के कार्यकर्ता एकजुट हुए और बैठक की। बैठक की अध्यक्षता करते हुए पार्टी जिलाध्यक्ष मुन्नालाल तिवारी ने कहा कि जिले के निबंधक कार्यालयों में बिचौलिए, दलालों और बाहरी लोगो के दखल के चलते गरीबों और किसानो की जमीन के क्रय विक्रय में भारी अनियमितता और भ्रष्टाचार होता है। नगर पालिका मंझनपुर और सिराथू समेत जिले के प्रमुख कस्बों, बाजारों और राष्ट्रीय राजमार्ग सहित जिले भर के प्रमुख मार्गों से जुड़ी जमीनों के क्रय विक्रय में गरीबों और गांवो के किसानो के साथ शोषण धोखाधड़ी और अनियमियता होती है जिसे कत्तई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभी हाल ही में सिराथू निबंधक कार्यालय में जमीन के क्रय विक्रय में हुई कथित हेराफेरी पर जिलाध्यक्ष मुन्ना लाल तिवारी ने जिलाधिकारी से सभी संबंधित पक्षों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और समय समय पर निबंधक कार्यालयों का औचक निरीक्षण करने की मांग की।
इसके बाद पार्टी जिलाध्यक्ष मुन्ना लाल तिवारी की अगुवाई में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट की ओर नारेबाजी करते हुए कूच किया और कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार को एक दस सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। सौंपे गए ज्ञापन में निबंधक कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने, सिराथू निबंधक कार्यालय मे अभी हाल ही मे हुई घटना पर सभी पक्षों पर कानूनी कार्रवाई करने, करारी माइनर नहर समेत जिले की सभी सूखी नहरों एवं रजबहों में टेल तक जलापूर्ति करने, पावन नवरात्रि के समय शाम और रात्रि के विद्युत कटौती बंद करने और रोस्टर से 22 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, समितियों से किसानो को पर्याप्त मात्रा में उर्वरकों की आपूर्ति करने, पशुओं के लंपी रोग के उपचार हेतु समुचित व्यवस्था करने,
साधन सहकारी समिति उदहिन खुर्द के खंडहर भवन को ध्वस्त कर नए सहकारी भवन का निर्माण कराने, नारा स्थित बिगड़े राजकीय नलकूप को चालू कराने, पशु चिकित्सालय उदहिन बुजुर्ग को दुरुस्त करने, जुवरा नारा टेवा जर्जर मार्ग, सिराथू रामसहायपुर होकर अफजलपुरवारी जर्जर मार्ग और कमासिन माता मंदिर जर्जर मार्ग को दुरुस्त कराने, शाखा से शमसाबाद मलाक पिंजरी होकर मंझनपुर प्रयागराज को नई रोडवेज बस चालू करने जैसी मांगे शामिल थीं। इस अवसर पर अजय सोनी, प्रेमचंद्र केसरवानी, राजेश गौतम, रोहित सोनी, भैरव प्रसाद गौतम, मणिशंकर, सत्येंद्र तिवारी, रोशन लाल, परिहार लोधी, फूलचंद्र लोधी, बबलू सरोज आदि मौजूद रहे।








