कौशाम्बी:
कौशाम्बी जिले के हिनौता चौकी इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक निजी मकान के निर्माण कार्य में कथित तौर पर सरकारी कोटे के सीमेंट का अवैध रूप से इस्तेमाल किए जाने का गंभीर आरोप लगा है। इस संबंध में स्थानीय निवासी चंद्रकांत मिश्र पुत्र रमाकांत मिश्र ने चौकी प्रभारी हिनौता, को एक लिखित शिकायत पत्र सौंपा है।

क्या है पूरा मामला
शिकायतकर्ता चंद्रकांत मिश्र के अनुसार, हिनौता गाँव में बैंक ऑफ बड़ौदा के पास गांव के ही व्यक्ति के द्वारा एक निजी मकान का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। प्रार्थी का आरोप है कि इस निजी निर्माण स्थल पर भारी मात्रा में ऐसे सीमेंट का उपयोग किया जा रहा है, जिस पर स्पष्ट रूप से ‘Not For Retail / Resale’ लिखा हुआ है।
भ्रष्टाचार की आशंका और कानूनी कार्रवाई की माँग
शिकायत में कहा गया है कि सरकारी संपत्ति का इस प्रकार निजी लाभ के लिए दुरुपयोग करना पूरी तरह से कानूनन अपराध है, जिससे बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार होने की आशंका जताई जा रही है।

प्रार्थी ने चौकी प्रभारी से मांग की है कि इस पूरे मामले की तुरंत निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।








