कौशांबी। कोखराज थाना क्षेत्र में टोल प्लाजा के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने सर्राफा व्यापारी को निशाना बनाते हुए लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश व्यापारी का बैग लूटकर मौके से फरार हो गए। बैग में करीब 20 हजार रुपये नकद, लगभग एक किलो चांदी और 20 ग्राम सोना होने की बात सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, सर्राफा व्यापारी सुरेश चंद्र सोनी प्रतापगढ़ स्थित अपनी दुकान बंद करने के बाद बाइक से मूरतगंज लौट रहे थे। इसी दौरान कोखराज थाना क्षेत्र में टोल प्लाजा के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और लूटपाट की।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। व्यापारी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने चार टीमों का गठन किया है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही बदमाशों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है। घटना के बाद इलाके में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है।







