जिलाधिकारी के निर्देश पर रात्रि में स्वास्थ्य केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

अनुपस्थित चिकित्सक एवं स्टाफ का एक दिन का वेतन रोका गया

अनुपस्थित कार्मिकों को 02 दिन के अन्दर स्पष्टीकरण उपलब्ध कराने के निर्देश

कौशाम्बी–
जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल के निर्देश पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार एवं परियोजना निदेशक दिनकर कुमार विद्यार्थी द्वारा दिनांक 06 सितंबर, 2026 की रात्रि में जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिराथू, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कड़ा एवं ट्रामा सेंटर नरसिंहपुर कछुआ का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।


ट्रामा सेंटर नरसिंहपुर कछुआ के निरीक्षण के दौरान अस्पताल में केवल एम0टी0डब्ल्यू0 कार्मिक आजाद कुमार पटेल उपस्थित पाए गए। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ.ओ0पी0 वर्मा अनुपस्थित पाए गए। एम0टी0डब्ल्यू0 कार्मिक द्वारा बताया गया कि डॉ.ओ0पी0 वर्मा रात्रि 10 बजे ही अस्पताल से चले गए थे। ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स भी अनुपस्थित पाई गई। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कोई भी मरीज भर्ती नहीं पाया गया।
इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा अधीक्षक, ट्रामा सेंटर डॉ. असलम, चिकित्सक डॉ. ओ0पी0 वर्मा एवं संबंधित स्टाफ नर्स का एक दिन का वेतन रोकने तथा सभी से दो दिवस के भीतर स्पष्टीकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।


वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिराथू एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कड़ा के निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात चिकित्साधिकारी एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित पाए गए। अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से वार्ता कर स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी ली गई। मरीजों एवं उनके परिजनों द्वारा अस्पताल में बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराए जाने की बात कही गई तथा चिकित्सा सेवाओं से संतुष्टि व्यक्त की गई। मरीजों को निर्धारित समय पर भोजन एवं नाश्ता भी उपलब्ध कराया जा रहा था।
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी चिकित्सालयों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों तथा स्वास्थ्यकर्मियों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने एवं मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी में लापरवाही अथवा अनुपस्थिति को किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें