कौशाम्बी के चरवा थाना क्षेत्र के मलाक नगर गांव में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मलाक नगर निवासी भगवान दीन पाल पुत्र स्वर्गीय रामसरन खेत से पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने जब सड़क किनारे बुजुर्ग को घायल अवस्था में देखा तो तुरंत पहचान कर परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंच गए। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुट गई है। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश भी देखा गया।







