कौशाम्बी–
नेवादा ब्लॉक के ग्राम सभा तरना मजरा जयंतीपुर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर पोषाहार वितरण में गंभीर अनियमितताओं मामला सामने आया है। सोमवार को ग्रामीणों द्वारा जिलाधिकारी को लिखित शिकायत पत्र सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि केंद्र पर बच्चों को मिलने वाला पोषाहार समय पर वितरित नहीं किया जाता, बल्कि उसे आपस में बांटकर बेच दिया जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि बीते 8 तारीख को सुबह लगभग 10 बजे एक बोरी चना दाल (पाउच) और एक बोरी तेल (पाउच) को कथित रूप से एक कारोबारी के माध्यम से बेचे जाने की बात सामने आई है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की अनियमितताएं लंबे समय से जारी हैं, जिससे बच्चों को मिलने वाला पोषण प्रभावित हो रहा है। कई बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में आक्रोश है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आंगनवाड़ी केंद्र पर बच्चों को उनका हक मिल सके।








