कौशाम्बी—
कड़ाधाम थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक के पिता ने थाने में तहरीर देकर पुत्री के ससुराल पक्ष के आधा दर्जन लोगों पर अपने बेटे को जान से मारने की धमकी देने और आत्महत्या के लिए उकसाने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
शक्तिपीठ कड़ाधाम निवासी तरुण कुमार मौर्य ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री प्रीति मौर्य की शादी 11 मार्च 2023 को सौरभ उर्फ प्रिंस निवासी खलील नगर जनपद फतेहपुर के साथ की थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही विवाद शुरू हो गया था। बीते 16 मार्च 2026 को मंझनपुर में भी दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था।मृतक के पिता का आरोप है कि विपक्षीगण सौरभ उर्फ प्रिंस (दामाद), रामनरेश (ससुर), विद्या देवी (सास), प्रीति (ननद) और अन्य उनके बेटे विकास को लगातार फोन पर प्रताड़ित कर रहे थे। तहरीर के अनुसार, विपक्षीगण विकास को फोन पर धमकी देते थे कि तुम्हें और तुम्हारी बहन को मिट्टी का तेल डालकर जला देंगे या गाड़ी से एक्सीडेंट करवाकर मार डालेंगे।परिजनों का कहना है कि इन रोज-रोज की धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर विकास ने सोमवार की दोपहर करीब दो बजे फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घर में जवान बेटे की मौत से कोहराम मचा हुआ है।पीड़ित पिता तरुण कुमार मौर्य ने थाना प्रभारी से गुहार लगाई है कि उनके पुत्र को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाले दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।मामले की बाबत थाना प्रभारी विनीत सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।








