सकिपा अध्यक्ष ने बारिश से हुए नुकसान का लिया स्थलीय जायजा, उठाई क्षतिपूर्ति की मांग
कौशाम्बी–
समर्थ किसान पार्टी के नेता एवं जिला पंचायत सदस्य अजय सोनी ने जिला प्रशासन कौशांबी से बेमौसम बारिश से किसानों की फसलों के हुए भारी नुकसान का सर्वे कराकर किसानो को समुचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है। किसानो की मुसीबत के समय लापरवाही या फिर मनमानी किए जाने पर धरना प्रदर्शन करने की बात कही है।
शनिवार को सिराथू ब्लॉक के ग्राम गंभीरा पूर्व के पास बारिश से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का खेतो में जाकर किसान नेता एवं सकिपा अध्यक्ष ने स्थलीय जायजा लिया और मौके पर रहे किसानो से वार्ता की। किसानो से वार्ता के क्रम में अजय सोनी ने कहा कि कल रात भारी बारिश से किसानों की रबी की फसलों जैसे गेहूं, चना, मटर, अरहर आदि को भारी नुकसान हुआ है जिससे किसानो को भारी आर्थिक क्षति हुई है। आगे कहा कि जनपद स्तर पर बड़े पैमाने पर हुए नुकसान से किसान बेहद तनाव में है और जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार की ओर मुआवजे के लिए कातर दृष्टि से निहार रहा है।
ऐसे में किसानो की मुसीबत की इस घड़ी में जिला प्रशासन कौशांबी और राज्य सरकार को लोक कल्याण की भावना से किसानों की फसलों के हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति करनी चाहिए। अजय सोनी ने कहा कि किसानो की मुसीबत के समय इस मामले में कोई लापरवाही या मनमानी की गई तो समर्थ किसान पार्टी के तत्वावधान में जिले भर के किसानों के साथ जिला मुख्यालय मंझनपुर में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इसी के साथ अजय सोनी ने तत्काल जिला प्रशासन कौशांबी से किसानो को मुआवजा दिए जाने की मांग दोहराई। इस अवसर पर अशोक कुमार पाण्डेय, राम शंकर यादव, विमल यादव, सुरेंद्र सिंह, दिलीप आदि मौजूद रहे।








