कौशाम्बी—
सरसवा ब्लॉक के अमीना गोराजू गांव स्थित राजेंद्र सिंह रामभजन सिंह इंटर कॉलेज में वार्षिकोत्सव एवं विदाई समारोह बुधवार को बड़े ही उत्साह और भावुक माहौल में संपन्न हुआ। कॉलेज परिसर छात्र-छात्राओं की हंसी-खुशी और विदाई के भावुक पलों से गूंज उठा। शिक्षकों के आशीर्वाद और विद्यार्थियों की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुआ, जिसमें छात्राओं ने मधुर स्वर में मां सरस्वती की स्तुति प्रस्तुत की। इसके पश्चात कविता पाठ, समूह गीत, नृत्य एवं नाटक जैसे विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कक्षा 10 एवं 12 के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत विदाई गीत ने उपस्थित जनसमूह की आंखें नम कर दीं। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह विदाई नहीं, बल्कि जीवन की नई उड़ान की शुरुआत है। प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने प्रत्येक छात्र-छात्रा को तिलक लगाकर आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रन्नो देवी श्रीवास्तव ने छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में चुनौतियां अवश्य आएंगी, लेकिन मेहनत, लगन और नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने से सफलता निश्चित है। उन्होंने विद्यालय को भूमि दान देकर इसकी नींव रखने की स्मृतियों को साझा किया तथा संस्थापक स्व. बाबू अमर सिंह के प्रयासों को नमन करते हुए कहा कि यह संस्थान यमुना की तराई क्षेत्र में शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है। ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगाने के लिए कॉलेज प्रबंधन की उन्होंने सराहना की। छात्राओं द्वारा ‘बहनों की विदाई’ विषय पर प्रस्तुत भावुक स्किट ने सभी को भावविभोर कर दिया, जिसमें भाई-बहन के स्नेह और विद्यालय जीवन की यादों को जीवंत रूप से दर्शाया गया। कई छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों से गले मिलकर विदाई ली और उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन करने का संकल्प लिया।
समारोह के अंत में विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह एवं मिठाई वितरित की गई। अभिभावकों ने आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। कॉलेज प्रबंधन ने बताया कि परीक्षा पूर्व आयोजित इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने और उन्हें प्रेरित करने के उद्देश्य से किए जाते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जय सिंह पटेल ने की। इस अवसर पर प्रबंधक राजरानी सिंह, संरक्षक वीरेन्द्र सिंह, प्रधानाचार्य शैलेन्द्र सिंह, उप प्रबंधक राधेश्याम सिंह, प्रसून सिंह, लोकेश शर्मा, सीता राम सेन, पूजा गोस्वामी, संगीता देवी, राबिया बानो, उमा देवी, खुशबू देवी, राकेश दिवाकर, दिलीप सिंह, महाराजदीन, नंदलाल शर्मा, अजय कुमार सहित ग्रामीण अभिभावकगण उपस्थित रहे।







