कौशांबी में दहेज लोभियों ने एक विवाहिता को मारकर फांसी के फंदे पर लटका दिया। मृतका के भाई ने पुलिस को तहरीर देते हुए पति, सास-ससुर एवं देवर पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सरायअकिल थाना क्षेत्र के पुरखास निवासी दीपक पाल ने बताया कि छह महीने पहले अपनी बहन विमला पाल (19) की शादी करारी थाना क्षेत्र के दशरथपुर गांव के हीरालाल से की थी। आरोप है कि पति हीरालाल, ससुर किशोरीलाल, सास एवं देवर राहुल अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। मेरी बहन दीपावली पर घर आई थी। लेकिन पति हीरालाल 22 अक्टूबर को दोपहर में बुला ले गया। घर लाने के बाद उसके साथ मारपीट किया। आरोप है कि उसकी हत्या करने के बाद फांसी के फंदे पर लटका दिया। हम लोगों को फोन कर बता दिया कि विमला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। ससुराली घर छोड़कर फरार हो गए। विमला की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।








