कौशांबी जिले के सराय अकिल थाना क्षेत्र के फकीराबाद में दबंगई का एक मामला सामने आया है। सोमवार रात करीब 9 बजे गांव के तीन युवकों ने नीरज यादव नामक व्यक्ति को रास्ते में घेरकर बुरी तरह पीटा। हमलावरों ने उसकी मोटरसाइकिल भी तोड़ दी और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित नीरज यादव पुत्र ननका यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सहबाज उर्फ खालू, मेराज और यजूब उर्फ लादेन पुत्रगण अंसार अहमद उर्फ मल्हू ने उसे गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। जब उसने इसका विरोध किया, तो तीनों ने लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया।
इस हमले में नीरज यादव को गंभीर चोटें आईं। हमलावरों ने उसकी मोटरसाइकिल को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। शोर मचाने पर गांव के कुछ लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।
घटना के बाद परिजनों ने घायल नीरज को घर पहुंचाया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सराय अकिल पुलिस ने पीड़ित का बयान दर्ज कर मंगलवार रात में तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।








