कौशाम्बी– जिले में 16 वर्षीय किशोरी शिवानी सरोज की हत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शनिवार को सपा सांसद पुष्पेंद्र सरोज बक्शी का पुरवा पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की, उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। इस दौरान सांसद ने पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार से फोन पर बात की, जिनका कहना है कि जल्द ही हत्या का खुलासा किया जाएगा।
घटना का विवरण
गुरुवार सुबह मजदूरी का पैसा लेने घर से निकली शिवानी सरोज का शव कड़ा धाम थाना क्षेत्र के सौराई बुजुर्ग गांव के पास झाड़ियों में संदिग्ध अवस्था में मिला। शव के पास उसकी साइकिल भी बरामद हुई। शव अर्धनग्न अवस्था में मिलने से रेप के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, रिपोर्ट आने के बाद ही असल कारणों का खुलासा हो सकेगा.
पुलिस और प्रशासनिक कार्रवाई
मौके पर भारी पुलिस बल के अलावा पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार, एएसपी और अन्य अधिकारी पहुंचे। एसपी राजेश कुमार ने बताया कि केस की गंभीरता को समझते हुए जांच तेज की जा रही है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्या का खुलासा होगा.
आर्थिक मदद और आवास का आश्वासन
सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है। साथ ही, जिलाधिकारी से फोन पर वार्ता कर परिवार को जल्द आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष शाहनवाज अहमद, आनंद मोहन सिंह पटेल, संतोष पाल समेत तमाम जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे






