कौशाम्बी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई ,लाखों रुपये की अंग्रेजी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
कौशाम्बी
महेवा घाट थाना पुलिस ने एक बार फिर तस्करों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने अंग्रेजी शराब से लदा एक ट्रक पकड़ा है। ट्रक से 809 पेटियां यानी कुल 17,292 बोतलें अंग्रेजी शराब की बरामद की गई हैं, जिनकी बाजार कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह ट्रक पंजाब के संगरूर जिले से तस्करी कर निकला था और इसे रांची, झारखंड में सप्लाई किया जाना था। बरामद ब्रांडों में रॉयल चैलेंज, रॉयल स्टैग और मैकडॉवेल नंबर वन शामिल हैं।
कार्रवाई के दौरान मौके से पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है ताकि तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
महेवा घाट पुलिस की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए स्थानीय लोगों ने कहा कि पुलिस की मुस्तैदी से अवैध शराब कारोबारियों पर बड़ी चोट पहुंची है। वहीं पुलिस अधीक्षक ने टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा भी की है।





