एन.डी. कॉन्वेंट स्कूल में श्रद्धा और उल्लास के साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भव्य आयोजन
भरवारी, एन.डी. कॉन्वेंट स्कूल में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव बड़े ही श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगी झालरों, फूलों और विद्युत सज्जा से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण कृष्णमय हो उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ पूजा-अर्चना और भगवान श्रीकृष्ण की आराधना के साथ हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण में विभिन्न कक्षाओं के बच्चों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक झांकियां और कृष्ण की लीलाओं का जीवंत चित्रण शामिल रहा। बच्चों ने माखन चोरी, गोवर्धन धारण, कंस वध, रासलीला जैसे पौराणिक प्रसंगों का अद्भुत नाट्य प्रस्तुतीकरण किया, जिसे देखकर उपस्थित जनमानस भावविभोर हो उठा।
विद्यालय के प्रतिभाशाली छात्रों ने मधुर भजनों और कृष्ण गीतों के माध्यम से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। उनकी मधुर वाणी में “हरे कृष्ण” और “कृष्ण कन्हैया” की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
संस्थान की डायरेक्टर सीमा पवार ने अपने संबोधन में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से हमें मिलने वाली प्रेरणाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन धर्म, सत्य, प्रेम और कर्तव्य पालन का अद्वितीय उदाहरण है, जिसे हमें अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
साथ ही विद्यालय के कॉर्डिनेटर नितेश सिंह ने कृष्ण के धर्म और कर्तव्य पर चलने की प्रेरणा को स्त्रोत बताते हुए सभी को भाव विभोर कर दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक, छात्र-छात्राएं और अभिभावक उत्साहपूर्वक शामिल हुए। अंत में सभी ने प्रसाद ग्रहण कर कार्यक्रम का समापन किया। यह आयोजन विद्यालय के लिए केवल एक सांस्कृतिक पर्व ही नहीं, बल्कि नैतिक मूल्यों के संवर्धन का सशक्त माध्यम सिद्ध हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक शिक्षिका संध्या चौधरी, यश्वी, रश्मि व निष्ठा, रंजीत सिंह, बद्रीविशाल शुक्ला, मनोज गुप्ता, आशीष आदि उपस्थित रहे






