मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार, दबंग स्कूल संचालक पर ज़मीन हड़पने का आरोप
कौशाम्बी। जिले के मोहब्बतपुर पइंसा थाना क्षेत्र के मोगरी कड़ा गांव में एक वृद्ध व्यक्ति अपनी निजी ज़मीन पर निर्माण नहीं कर पा रहे हैं। आरोप है कि स्थानीय थाना पुलिस और तहसील प्रशासन विपक्षी के दबाव में काम कर रहे हैं और उनकी ज़मीन पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। प्रशासनिक अव्यवस्था और न्याय की गुहार लगाते-लगाते थक चुके वृद्ध ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मंगलवार दोपहर 12 बजे न्याय की मांग की है।
मोगरी कड़ा गांव के रहने वाले जगदीश प्रसाद की पुश्तैनी ज़मीन (आराजी संख्या 506 क) सरकारी अभिलेखों में उनके और उनके परिजनों के नाम दर्ज है। जब उन्होंने इस पर निर्माण कार्य शुरू किया तो स्थानीय पुलिस और तहसील प्रशासन ने काम रुकवा दिया।
आरोप है कि उनकी ज़मीन के पीछे बने रॉयल पब्लिक स्कूल के मालिक रामयश सिंह उनकी ज़मीन पर कब्जा करना चाहते हैं और इसके लिए पुलिस व तहसील प्रशासन का दबाव बनवा रहे हैं। जगदीश प्रसाद ने अपने सभी वैध दस्तावेज अधिकारियों को दिखाए, लेकिन प्रशासन ने कोई सुनवाई नहीं की।
लगातार डीएम और अन्य उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी समाधान न मिलने पर पीड़ित वृद्ध ने अब IGRS पोर्टल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की मांग की है।
आखिर क्यों पुलिस और तहसील प्रशासन विपक्षी के पक्ष में काम कर रहे हैं?
जब ज़मीन सरकारी अभिलेखों में जगदीश प्रसाद के नाम दर्ज है, तो उन्हें निर्माण करने से क्यों रोका जा रहा है?
क्या प्रशासनिक तंत्र दबंगों के हाथों की कठपुतली बन चुका है।






