खबर और विज्ञापन के लिए सम्पर्क करें।
SHABBAR ALI/7007720588
तहसील चायल के संपूर्ण समाधान दिवस में शासन के मंशानुरूप शिकायतों का निस्तारण नही हो पा रहा है। एडीएम की देखरेख में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें राजस्व विभाग से सम्बंधित रहीं। कुल 26 शिकायतों में से सिर्फ दो शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। बाकी 24 शिकायतों को संबंधित विभागों को भेज जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।
शनिवार को चायल तहसील परिसर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। एडीएम अरुण कुमार गोंड ने सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता की। इस दौरान सैयद सरावां गांव निवासी शफी उल्ला ने बताया कि 1995 में गांव के ही भैयालाल से उसने जमीन का बैनामा करवाया था। किसी कारणवश नामांतरण नहीं हो पाया। इधर बीच उसने नामांतरण के लिए चकबंदी न्यायलय में वाद दाखिल किया है। अब उसी भूमि पर भैया लाल का बेटा मुकेश लकड़ी, पुआल रख कर जबरन कब्जा कर रहा है। विरोध करने पर गाली गलौच कर मारपीट करने पर आमादा हो रहा है। वहीं, बैर आमद करारी गांव निवासी श्रीप्रकाश के मुताबिक उसकी भूमिधरी जमीन पर गांव का एक दबंग बल्ली गाड़ कर जबरन इंटरलाकिंग लगवा रहा है। विरोध करने पर गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दे रहा है। मामले में एडीएम ने हल्का लेखपाल को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 26 शिकायती पत्र आए। जिनमें से दो शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष 24 शिकायतों को सम्बंधित विभागों को जांच कर निस्तारण करने के लिए भेज दिया गया। इस मौके पर एसडीएम योगेश कुमार गौड़, सीओ सतेंद्र कुमार तिवारी, तहसीलदार पुष्पेंद्र गौतम, नायब तहसीलदार सौरभ सिंह, कपिल मिश्र आदि विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।







