खबर और विज्ञापन के लिए सम्पर्क करें।
SHABBAR ALI/7007720588
पिपरी थाना इलाके के एक गांव में प्रेमी की बेवफाई से आहत आकर युवती ने छत से छलांग लगा दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने उसे इलाज के लिए पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। गुरुवार को युवती की मां ने थाने जाकर आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
इलाके के एक गांव का व्यक्ति मजदूरी कर परिवार का गुजारा करता है। उसकी पत्नी ने बताया कि सरायअकिल थाना इलाके के हसनपुर गांव निवासी बड़ी बेटी के चचेरे देवर का उसके घर आना जाना रहता था। इसी दौरान उसने उनकी 22 वर्षीय बेटी को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया और शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने लगा। युवती ने जब शादी करने का दबाव बनाया तो युवक शादी करने से मुकर गया। बुधवार रात युवती अपने प्रेमी से मोबाइल फोन पर बातें करते हुए प्रेमी को मानने का प्रयास कर रही थी। जब वह अपनी जिद पर अड़ा रहा तो युवती ने छत से छलांग लगा दी। जिसमें उसका बायां पैर टूट गया और वह गंभीर रुप से घायल हो गई। जानकारी मिलने के बाद मौके पर जुटे परिजनों ने उसे इलाज के लिए पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। गुरुवार को युवती की मां ने थाने जाकर घटना की तहरीर देते हुए कार्रवाई करने की मांग की है। इस सम्बंध में इंस्पेक्टर शिवचरन राम का कहना है कि मामले की तहरीर मिली है। जांच कर आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।






