खबर और विज्ञापन के लिए सम्पर्क करें।
SHABBAR ALI/7007720588
तहसील चायल परिसर में बुधवार को वसीयत की गवाही देने तहसील पहुंचे गवाह के साथ परिजनों ने धक्का मुक्की कर दी। शोर सुनकर तहसील परिसर में काफी लोग जमा हो गए। लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया। गवाह न्यायालय में बिना गवाही दिए ही बैरंग लौट गया।

चरवा थाने के मोहिउद्दीनपुर गांव की राजकली ने चार साल पहले अपनी बेटी देवकली के बेटे बिरंजन निवासी पैगम्बरपुर थाना संदीपन घाट के नाम चार बीघा जमीन वसीयत कर दी थी। एक साल पहले राजकली की मौत हो गई। दाखिल खारिज के लिए बिरंजन ने तहसीलदार की अदालत में वाद दाखिल किया था। वाद में महिला के बेटों ने आपत्ति दाखिल कर रखी है। बुधवार को वसीयत में अंकित गवाह अपनी गवाही देने के लिए तहसील पहुंचे। इसी दौरान मामले की जानकारी होने के बाद राजकली के बेटे राजकुमार और दूसरे मृतक बेटे बाबादीन की पत्नी तहसील पहुंच गई। उन्होंने गवाही देने गए युवक के साथ धक्का मुक्की करते हुए अदालत जाने से रोक दिया। इससे उसकी गवाही नहीं हो सकी। शोर सुनकर मौके पर जुटे लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया। मृतक राजकली के परिजनों का आरोप है कि जालसाजी करके उनकी माता को बरगलाकर बिरंजन ने वसीयत करा ली है।






