
यूपी के कौशाम्बी जिले में अब भूमाफियाओं की नजर कब्रिस्तान की भूमि पर बगड़ गई है। बेखौफ दबंग भू माफिया अपनी दबंगई के बल पर कब्रिस्तान की भूमि पर जबरन अवैध कब्जा कर प्लाटिंग करने की फिराक में है। पीड़ितों ने इसकी शिकायत शनिवार की समय 1 बजे मंझनपुर कलेक्ट्रेट पहुंच कर डीएम से की है।
मंझनपुर तहसील के पाता ग्राम पंचायत में मिश्रीलाल, श्याम बाबू, छेद्दु, राजकुमार, मालती देवी, राजकुमारी एवं शिमला समेत कई लोगों के पुरखों के शवों को अंतिम संस्कार के लिए मरघट की जमीन दी गई है। जिस पर उनके पुरखों का अंतिम संस्कार किया गया और कब्रिस्तान भी बनी हुई है। इनका आरोप है कि बीजेपी का एक दबंग भूमाफिया जबरन कब्रिस्तान की भूमि पर कब्जा कर रहा है। वह अवैध तरीके से कब्रिस्तानों पर मिट्टी डलवाकर पाट रहा है। विरोध करने पर मारने-पीटने की धमकी देता है। ग्रामीणों का आरोप है कि तहसील के उच्च अधिकारियों एवं हल्का लेखपाल से सांठगांठ कर नींव डालने के बाद मकान निर्माण भी शुरू करवा दिया है। भू माफिया सत्ता पक्ष की पार्टी से ताल्लुक रखता है। इसकी वजह से भुक्तभोगियों की कहीं सुनवाई नहीं हो रही। ग्रामीणों ने शनिवार को डीएम मधुसूदन हुलगी से मिलकर मामले की शिकायत की है।






