दिव्यांग युवक की जमीन पर भाइयों ने किया कब्जा, समाधान दिवस में डीएम से शिकायत कर मांगा इंसाफ, बोला-भाइयों ने धोखा देकर जमीन पर कब्जा किया, अब वह हुआ बेघर

कौशाम्बी जिले के मोहब्बतपुर पइंसा थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला युवक भाइयों के षड्यंत्र मे फंस कर अपनी जमीन जायदाद से हाथ धो बैठा है। पीड़ित ने शनिवार समय 1 बजे सम्पूर्ण समाधान दिवस मे डीएम के सामने पेश होकर इंसाफ की मांग की है। आरोप है उसके भाइयों ने उसकी जमीन को बदलन के आधार पर लेकर अपना घर बनवा लिया। अब जब वह अपना घर बनवा रहा है तो उसे घर से बेघर कर दिया गया है। डीएम ने सिराथू के एसडीएम को प्रकरण मे जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही का निर्देश दिया है।
मोहब्बतपुर पइंसा के मोगरी कड़ा गांव में धीरेन्द्र पुत्र अमृत लाल रहता है। धीरेन्द्र पैर से दिव्यांग है। वह अपने पिता के साथ रहकर अपना जीवन यापन करता है। परिवार के अन्य भाई बहन भी है। आरोप है उसके सगे व दादा के लड़कों ने उसकी पैतृक जमीन को एक सुनियोजित साजिश के तहत उसकी जमीन को आगे पीछे बदल कर ले लिया। आरोपी भाइयों ने अपना घर उसकी जमीन पर तैयार कर लिया। अब पीड़ित अपनी बदलन की जमीन पर घर बनवाने लगा तो आरोपियों ने उसे जमीन पर निर्माण के लिए रोक दिया है। धीरेन्द्र ने बताया, आरोपी भाई उसके साथ मारपीट करते है। वह अपनी जमीन पर हुये कब्जे के बाद अब बेघर हो गया है।
पीड़ित ने शनिवार को मझनपुर तहसील के सम्पूर्ण समाधान दिवस मे डीएम से शिकायत कर इंसाफ की गुहार लगाई है। डीएम मधुसूदन हुल्गी ने पीड़ित की शिकायत पर एसडीएम सिराथू को जांच कर कार्यवाही का निर्देशित किया है।






