*जिलाधिकारी के कड़े तेवर: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, विकास खण्ड कार्यालय एवं पंचायत भवनों का औचक निरीक्षण, अनुपस्थित अधिकारियों को चेतावनी*
*कौशाम्बी-:* जिलाधिकारी श्री मधुसूदन हुल्गी ने शुक्रवार को जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, आकांक्षी विकास खण्ड कार्यालय कौशाम्बी, पंचायत भवन-सोधिया एवं मढ़ी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जाहिर करते हुए आवश्यक निर्देश जारी किए।

स्वास्थ्य केंद्र पर स्थिति अत्यंत चिंताजनक पाई गई। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अमर सिंह की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए एक दिन के वेतन रोकने के आदेश दिए। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की दुर्व्यवस्था, टीकाकरण के लिए डॉक्टर का इंतजार कर रही जनता और पर्चा बनाने वाले कर्मचारी के नदारद होने पर उन्होंने गहरी असंतुष्टि व्यक्त की। जिलाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से साफ-सफाई और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विकास खण्ड कार्यालय में स्थिति और भी विकट थी। खण्ड विकास अधिकारी एवं एडीओ पंचायत की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी का गुस्सा और भड़क गया। पंचायत भवन-सोधिया और मढ़ी में सेक्रेटरी की अनुपस्थिति और पंचायत सहायक की उपस्थिति पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। ग्राम-सोंधिया में तालाब की स्थिति दयनीय पाई गई, जिसके सुधार के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

*जिलाधिकारी का कड़ा संदेश:*
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी सुबह 10 से 12 बजे तक अपने कार्यालयों में उपस्थित रहें और जनता की समस्याओं का निवारण सुनिश्चित करें। अनुपस्थित पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने इस प्रकार की लापरवाही को कतई बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी। जनता को राहत देने के लिए जिलाधिकारी का यह निरीक्षण साबित करता है कि अब अधिकारियों और कर्मचारियों को समय की पाबंदी और जिम्मेदारी का कड़ाई से पालन करना होगा।






