कौशाम्बी
अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, सरगना गिरफ्तार
SHABBAR ALI

सरायअकिल व एसओजी की संयुक्त टीम ने रविवार की सुबह वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सरगना को धर दबोचा। पुलिस ने स्विफ्ट डिजायर कार के साथ आधा दर्जन बाइक बरामद की है। पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए गिरोह के सरगना को सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके के अन्य बदमाशों में हड़कंप मचा हुआ है।
लोकसभा चुनाव की आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से ही पुलिस प्रशासन कदम-कदम पर चौकसी बरत रहा है। पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि रविवार की सुबह मुखबिर की सूचना पर एसओजी के साथ सरायअकिल कोतवाली पुलिस ने नंदा का पुरवा पीपा पुल के समीप से स्वि़फट डिजायर कार सवार सवार वाहन चोर गिरोह के सरगना को धर दबोचा। जबकि साथ रहा दूसरा बदमाश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पकड़ा गया गिरोह का सरगना संदीपनघाट कोतवाली के नरवर पट्टी निवासी अमित कुमार कुशवाहा बताया गया है। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर मूरतगंज मेला बाग के समीप से आधा दर्जन बाइक व तमंचा, कारतूस बरामद किया है। गिरोह के सदस्य आसपास के बाजार व जिले से छोटे-बडे वाहनों की चोरी कर शौकीनों को औने-पौने दाम पर बेचने का काम करता था। जांच पड़ताल करते हुए आरोपित बदमाश को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है। एसपी ने पुलिस टीम को 25 हजार रूपए नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।





