फांसी के फंदे पर लटकता मिला युवक का शव
रिपोर्ट: शब्बर अली
पिपरी थाना इलाके के दुर्गापुर गांव में शुक्रवार सुबह संदिग्ध दशा में युवक का शव कमरे के अंदर फांसी पर लटकता मिला। युवक का शव फंदे पर लटका देख परिजनों के होश उड़ गए। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से नीचे उतारा। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दुर्गापुर गांव निवासी उमेश मिश्र किसानी करते हैं। उनके दो बेटे थे। बड़ा बेटा नितेश मिश्र दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी करता है। छोटो बेटा जीतेंद्र मिश्र उर्फ बब्बू (19) पिता के साथ मिलकर किसानी करता था। घर पर उमेश उनकी पत्नी और बेटा जीतेंद्र ही रहते थे। गुरुवार रात जीतेंद्र खाना खाकर कमरे में सोने के लिए चला गया। शुक्रवार सुबह देर तक कमरे से बाहर न निकलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने खिड़की से देखा तो जीतेंद्र का शव साड़ी के सहारे चुल्ले से लटकता मिला। शव फांसी के फंदे पर लटका देख परिजनों के होश उड़ गए। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलने के बाद चौकी प्रभारी लोधौर पुलिस फोर्स और फील्ड यूनिट की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को फांसी के फंदे से नीचे उतारा। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक के मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।





