सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों पर होगी कार्रवाई-अजीत सिंह
रिपोर्ट: शब्बर अली
ईद उल फितर पर्व को देखते हुए पूरामुफ्ती पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस कमिश्नर रमित शर्मा के निर्देश पर शुक्रवार को थाना परिसर में एसओ ने सम्भ्रांत लोगों के साथ पीस कमेटी की बैठक का आयोजन किया। बैठक के दौरान आगामी पर्व को शांतिपूर्वक ढंग से मनाने की अपील की।
पीस कमेटी की बैठक के दौरान एसओ अजीत सिंह ने बताया कि सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस ने अभी से ही शिकंजा कसना प्रारंभ कर दिया गया है। यदि कोई असामाजिक तत्क सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करेगा तो ऐसे उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी बीट सिपाही और हल्का दरोगाओं को निर्देशित किया कि वह सभी धर्म गुरुओं को विश्वास में लेते हुए आने वाले त्योहार को शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न करने का काम करें। एसओ ने आपसी सौहार्द के साथ त्यौहार को मनाने की अपील करते हुए कहा कि अराजकतत्वों पर पुलिस की पैनी नजर है। किसी भी प्रकार की अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आप लोग अपने कस्बा व क्षेत्र में किसी भी तरह की अराजकता न फैलने दें और किसी भी तरह की अफवाहों पर भी ध्यान न दें। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी किसी भी तरह की ऐसी पोस्ट जिससे माहौल खराब हो जाए उसको करने से मना किया। इस मौके पर एसएसआई अर्जुन सिंह, एसआई वरुण कांत, संतोष यादव, सुशील कुमार, चौकी प्रभारी सल्लाहपुर हर्षवीर सिंह, चौकी प्रभारी बेगम बाजार अमित सिंह और राजेश सिंह समेत इलाके के सम्भ्रांत नागरिक मौजूद रहे।





