हाईटेंशन की चिंगारी से गेंहू की फसल जलकर राख
रिपोर्ट: शब्बर अली

तहसील चायल के रेहणा मजरा नीबी शाना गांव में रविवार सुबह हाईटेंशन से निकली चिंगारी से किसान के गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आग की लपटों को देख मौके पर जुटे ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। किसान भाइयों ने थाने जाकर घटना की तहरीर दी। तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
चरवा थाने के रेहणा मजरा नीबी शाना गांव निवासी रामचंद्र और कैलाश चंद्र पुत्र बाबूलाल ने गांव के बाहर स्थित अपने खेत में गेहूं की फसल लगा रखी है। रामचंद्र के अनुसार उसके खेत के ऊपर से हाईटेंशन का तार गया है। जोकि इस समय काफी नीचे लटक रहा है। इसकी शिकायत उन्होंने कई बार स्थानीय बिजली विभाग के कर्मचारियों से की। तार को ठीक करने के नाम पर रसूलपुर गांव के एक बिजली कर्मचारी ने उससे सात हजार रुपया एक सप्ताह पहले ठग लिया है। इसके बाद भी उसने तार को ऊपर नहीं किया। रविवार सुबह लगभग 11 बजे हाईटेंशन की चिंगारी से उसकी पकी गेंहू की फसल में आग लग गई। कुछ ही देर में आग की लपटें आसमान को छूने लगी। आग की लपटों को देख मौके पर जुटे ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीण जब तक आग पर काबू पाते तब तक दोनों भाइयों की लगभग पंद्रह बिस्वा गेंहू की फसल जलकर राख हो गई। पीड़ित किसान ने थाने जाकर आरोपी बिजली कर्मचारी के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।






