कौशाम्बी
करारी ने देव प्रयाग और सुपर किंग्स ने टाइगर को रौंदा
-स्पोर्ट्स स्टेडियम में केपीएल और मीडिया खेल महोत्सव का दूसरा दिन

-टीमों का मुकाबला देखने के लिए दर्शक दीर्घा में ही खचाखच भीड़
हिमांशु भट्ट/मो. यासीन : कौशांबी संवाददाता

टेवां स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुक्रवार को कौशांबी प्रिमियर लीग (केपीएल) और मीडिया खेल महोत्सव का दूसरा दिन भी भव्य रहा। दूसरे दिवस कुल तीन टीमों के बीच मुकाबले हुए। खिलाड़ियों की भिड़ंत देखने के लिए दर्शक दीर्घा खचाखच भरी रही।
पहला मुकाबला करारी किंग्स और देव प्रयाग हास्पिटल के बीच हुआ। करारी की टीम ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए निर्धारित 10 ओवर में 135 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाब में उतरी देव प्रयाग हास्पिटल की टीम नौ विकेट के नुकसान पर 101 रनों में ही आल आउट हो गई। विजेता टीम के खिलाड़ी विपिन चौबे को मैन आफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। वहीं, दूसरा मुकाबला विजय सुपर किंग और कौशांबी टाइगर के बीच हुआ। विजय सुपर किंग ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में 147 रन बनाए। जवाब में उतरी कौशांबी टाइगर की टीम 129 रनों पर ही सिमट गई। विजेता विजय सुपर किंग के खिलाड़ी विनीत मिश्रा को मैन आफ द मैच चुना गया। तीसरा मुकाबला विजय सुपर किंग और करारी किंग्स के बीच हुआ। विजय सुपर किंग ने टास जीता। खबर लिखे जाने तक परिणाम घोषित नहीं किया जा सका था। इस मौके पर जेल अधीक्षक भूपेश सिंह, सीओ मंझनपुर अभिषेक सिंह, रणजी खिलाड़ी कृष्ण देव पांडेय, ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डा. अरुण केसरवानी, वरिष्ठ समाजसेवी राजीव सिंह, सतीश गोयल आदि मौजूद रहे।
*विजय सुपर स्टार ने केपीएल सेमीफाइनल में बनाई जगह*

*सौहार्द्र मैच में चरवा को हराकर मंझनपुर बनी विजेता*
शुक्रवार को जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे मीडिया खेल महोत्सव का दूसरा दिन रहा। इस दिन कुल चार मुकाबले खेले गए। एक प्रदर्शनी मैच के साथ तीन प्रोफेशनल मैच खेले गए। दूसरे दिन क्रिकेट टूर्नामेंट में ज़ैद खान के अलावा इलाहाबाद के विनीत मिश्र, सन्नी यादव और मनीष यादव मऊ जिला, राजा पांडे और बाबू बनारस, छाए रहे। मैचों के दौरान क्षेत्राधिकारी अभिषेक कुमार, जेल अधीक्षक भूपेश सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में युवाओं के हौसले को बढ़ाने मैदान पहुंचे।
दिन का पहला मुकाबला सौहार्द्र मैच खेला गया। जिसमे पहले बल्लेबाजी करते हुए मंझनपुर नगर पालिका की टीम ने चरवा नगर पंचायत की टीम को मात दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए मंझनपुर नगर पालिका की टीम ने आठ ओवर में 75 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चरवा नगर पंचायत की टीम मात्र 55 रन पर ढेर हो गई। इस मैच में चरवा चेयरमैन सहित अधिशाषी अधिकारी मंझनपुर अधिशाषी अधिकारी विशेष आकर्षण के रूप में मैदान में खेलते नजर आए। वहीं प्रोफेशनल मैचों की शुरुआत चौरसिया किंग्स करारी और देव प्रयाग के मध्य खेला गया। करारी ने पहले बल्लेबाजी की और 10 ओवर में 135 रनों का विशाल लक्ष्य दिया। करारी की तरफ से मो वारिस ने 68 तथा विपिन चौबे ने 42 रन बनाए। जवाब में उतरी देव प्रयाग की टीम ज्यादा खास नहीं कर सकी और निर्धारित ओवर में 101 रन बनाकर मैच हार गई। दूसरा प्रोफेशनल मैच विजय सुपर स्टार और कौशंबियन टाइगर के बीच खेला गया। विजय सुपर स्टार की तरफ से प्रदेश के नामी खिलाड़ी मैदान पर उतरे। विजय सुपर स्टार ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 147 रन बनाए। विनीत मिश्र ने शानदार 95 रन मात्र 31 गेंद में बनाए। पांडिचेरी की तरफ से रणजी खेलने वाले कृष्ण दत्त पाण्डेय ने 12 गेंदों में 31 रन बनाए। कौशाम्बी की तरफ से बल्लेबाजी की शुरुआत धीमी रही। जिसका खामियाजा कौशाम्बी टाइगर को हार कर चुकता करना पड़ा।
हालांकि एक वक्त राजा और सनी यादव की आतिशी पारी ने मैच में जान फूंकी थी। लेकिन बाबू बनारसी के एक ओवर ने मैच को पलट दिया। दिन का तीसरा मैच क्वार्टर फाइनल के रूप में विजय सुपर स्टार और चौरसिया सुपर किंग करारी के मध्य खेला गया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी विजय सुपर स्टार की टीम शुरू में लड़खड़ाती नजर आई। बाद में लेकिन जुल्फिकार और सत्यम यादव ने टीम को 135 रन तक पहुंचा दिया। करारी की टीम लक्ष्य को प्राप्त करने में नाकाम रही। क्रिकेट के अलावा खो खो में कौशाम्बी टाइगर ने भवंस मेहता को फाइनल मुकाबले में पटखनी दी।






