प्रयागराज
अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनकर तैयार हो रहा है। 22 जनवरी को राम मंदिर के लोकार्पण और प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम तय किया गया है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दिन भव्य राम मंदिर में प्रभु श्री राम की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा करेंगे। तो वहीं इस उत्सव में आने के लिए देशभर के साधु संतों को भी न्यौता भेजा जा रहा है।
अखिल भारतीय दंडी संन्यासी परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी ब्रह्माश्रम महाराज को भी 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले लोकार्पण और प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आमंत्रण
भेजा गया है। उन्हें यह आमंत्रण विश्व हिंदू परिषद की हरियाणा ईकाई ने भेजा है। हालांकि इन दिनों स्वामी ब्रह्माश्रम महाराज संगम की रेती पर लगे माघ मेले में आए हुए हैं।
स्वामी ब्रह्माश्रम महाराज का कहना है कि प्रत्येक सनातनी के लिए यह गर्व का विषय है कि 500 वर्षों के बाद प्रभु श्री राम के भव्य मंदिर का लोकार्पण और प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम होने जा रहा है। उन्होंने कहा है कि इस कार्यक्रम में उन्हें भी शिरकत करने का निमंत्रण मिला है। उनके लिए यह परम सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा है कि निमंत्रण पत्र के साथ ही साथ वाहन पास भी भेजा गया है। जिसमें पार्किंग के बारे में जानकारी और गूगल मैप भी दिया गया है।
इसके साथ ही संतों के ड्राइवर के ठहरने की अलग व्यवस्था की गई है। अखिल भारतीय दंडी संन्यासी परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी ब्रह्माश्रम महाराज के मुताबिक 20 जनवरी को वह अयोध्या के लिए रवाना होंगे। उन्होंने कहा है कि लेकिन माघ मेले में पूरे दंड़ीबाड़ा में भजन कीर्तन और अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही साथ शाम को भव्य दीपोत्सव का भी आयोजन किया जाएगा।





