गलत इंजेक्शन से मरीज की मौत, परिजनों ने काटा हंगामा

कौशांबी

सैनी थाना क्षेत्र के मलाकसद्दी गांव में सोमवार को एक मरीज की मौत होने के बाद हंगामा हो गया। परिजनों ने गलत इंजेक्शन लगने पर मौत होने का आरोप लगाया। नाराज लोगों ने सड़क जाम कर बवाल किया। सूचना पर सैनी, मंझनपुर कोतवाली फोर्स पहुंची। सीओ ने किसी तरह लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मलाक सद्दी गांव निवासी लालता उर्फ शीतला प्रसाद (40) बीमार था। उसका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा था। सोमवार को इलाज के दौरान लालता की मौत हो गई। लालता की मौत के बाद परिजन आपे से बाहर आ गए। शव लेकर लोग गांव आए और मंझनपुर-सिराथू रोड पर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने हंगामा भी किया गया। आने-जाने वाले राहगीरों ने किसी तरह रोड पार करने का प्रयास किया तो उनको जबरन रोका गया। हिदायत दी गई कि यदि दोबारा जाने का प्रयास किया तो अंजाम ठीक नहीं होगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अधिकारियों को जानकारी दी। सैनी व मंझनपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ सिराथू अवधेश विश्वकर्मा मौके पर पहुंचे। लालता के परिजनों से सीओ ने बातचीत की। परिजनों ने बताया कि डॉक्टर के गलत इंजेक्शन देने से मरीज की मौत हुई है। अस्पताल प्रशासन की लापरवाही से ऐसा हुआ है। सीओ ने कहा कि वह शव का पोस्टमार्टम करा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Comment

Read More