प्रयागराज
शहर में चोरी और लूट करने वाले एक शातिर अपराधी से रविवार सुबह पूरामुफ्ती इलाके में पूरामुफ्ती पुलिस और सर्विलांस टीम की मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने बाइक सवार बदमाश को पकड़ने के लिए घेराबंदी की तो उसने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 25 हजार के इनामी हैदर के पैर में गोली लगी है। घायल को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि फाफामऊ इलाके में रहने वाला मोहम्मद हैदर अली पुलिस रिकॉर्ड में शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ लूट, नकाबजनी, चोरी समेत 19 मुकदमें दर्ज हैं। हैदर पर गैंगस्टर की कार्रवाई भी हो चुकी है। जॉर्ज टाउन समेत कई थानों से वह छह मुकदमों में वांछित था। उस पर 25 हजार का इनाम है। पूरामुफ्ती थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह और सर्विलांस प्रभारी मनीष त्रिपाठी टिकरी मोड़ पर अपराधियों के बारे में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हैदर पूरामुफ्ती में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए रेकी कर रहा है। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो बाइक सवार भागने लगा। चारों तरफ से घिरा देख हैदर ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने क्रास फायरिंग की। भाग रहे हैदर के पैर में गोली लग गई। वह जख्मी होकर बाइक समेत नीचे गिर गया। पुलिस ने उसके पास से बाइक और असलहा बरामद किया है। उसके खिलाफ पूरामुफ्ती थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अभिरक्षा में उसका स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया।








