कौशाम्बी
डॉल्फिन मछली का शिकार कर खाने में 5 के खिलाफ FIR
यूपी के कौशांबी में दो दिन पहले 22 जुलाई को नसीरपुर गांव के बगल से गुजरी यमुना नदी में एक विशालकाय डॉल्फिन मछली मछुआरों की जाल फंस गई थी। जिसे मछुआरे जाल से निकाल कर घर लाए। इसके बाद उसे काटकर मछुआरों ने आहार बना लिया। लेकिन डॉल्फिन मछली को पकड़ कर गांव की तरफ ले जाने का वीडियो किसी ने बना लिया। वीडियो ठीक अगले दिन यानि 23 जुलाई की शाम को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो हड़कंप मच गया। वीडियो में तीन लोग मछली को कंधे पर रखकर ले जाते दिखाई दिए। वीडियो को वन विभाग के अफसरों एवं कर्मचारियों ने भी देखा। फौरन ही वन विभाग के अधिकारी गांव पहुंचकर छानबीन में जुट गए लेकिन उन्हें उस दिन कोई सफलता नहीं मिली। अगले दिन यानि 24 जुलाई की सुबह एक बार फिर से वन अधिकारी रविंद्र कुमार क्षेत्रीय वन दरोगा के साथ गांव पहुंचे। वीडियो में शामिल लोगों की तलाश की गई तो उन्होंने वीडियो में शामिल रंजीत कुमार नाम का शख्श मिला। रंजीत कुमार ने बताया कि गांव के संजय निषाद, दीवान निषाद, बाबाजी निषाद एवं गेंद लाल निषाद जाल में फंसी मछली को पकड़कर गांव लाए थे। इसके बाद उसे काट डाला और फिर पकवान बना कर खा भी डाला। वन विभाग द्वारा छानबीन शुरू होते ही रंजीत के अलावा अन्य चार आरोपी फरार हो गए। वन अधिकारी रविंद्र कुमार ने पिपरी थाने में पांचों आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी पुलिस ने वन संरक्षण अधिनियम के तहत उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर फरार चार अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। वन अधिकारी रविंद्र कुमार के मुताबिक मछली का वजन लगभग 60 से 70 किलो है।





