कौशांबी
हत्या के एक मामले में आत्मसमर्पण करने आए युवक को पुलिस ने शुक्रवार को सीजेएम कोर्ट से जबरन उठा लिया। वकीलों के हंगामा करने पर आखिर पुलिस ने बैकफुट पर आकर आरोपी की पिटाई कर कोर्ट परिसर में छोड़ दिया। मामले में सीजेएम पूर्णिमा प्रांजल ने पुलिस को फटकार लगाते हुए आरोपी को कस्टडी में लेकर जेल भेज दिया है।
कौशांबी थाना क्षेत्र के बरम्बारी गांव में 17 फरवरी 2023 की रात खेत की रखवाली करने गए शिव कुमार को कुछ लोगों ने पीट-पीट कर मरणासन्न कर दिया था। रात में खाना देने गई उसकी पत्नी सुन्दर कली ने गांव के लोगों की मदद से शिव कुमार को सीएचसी बारा लेकर गई, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में घटना के दूसरे दिन सुन्दर कली ने गांव के ही सम्पत पासी व उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ शिव कुमार की हत्या का अभियोग पंजीकृत कराया था। दौरान विवेचना पुलिस ने करारी थाना क्षेत्र के लोधन का पुरवा मजरा पिपरी के ज्ञानचंद्र का नाम प्रकाश में लाते हुए आरोपपत्र कोर्ट में दाखिल किया था। मामले को सीजेएम पूर्णिमा प्रांजल ने सत्र न्यायाधीश को विचारण के लिए सुपुर्द करके वांछित आरोपी ज्ञान चन्द्र के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था। गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर ज्ञान चन्द्र के घर पर 9 मई को कुर्की की नोटिस भी चस्पा की थी। पुलिस का दबाव बढ़ता देख ज्ञान चन्द्र ने वकील से सलाह लेकर सीजेएम कोर्ट में आत्मसमर्पण की अर्जी दाखिल कर दी। शुक्रवार को ज्ञान चन्द्र पुलिस से आंख मिचौली खेलते हुए आत्मसमर्पण करने के लिए सीजेएम कोर्ट पहुंच गया। इसकी भनक पुलिस को भी लग गई थी। कौशांबी थाना के साथ एसओजी सादी वर्दी में कोर्ट परिसर में पहले से ही मौजूद थी। जैसे ही ज्ञान चन्द्र वकील के साथ कोर्ट रूम में घुसा पुलिस ने उसे गाड़ी में बैठाकर निकल गए। पुलिस की फुर्ती के आगे वकील भी कुछ समझ नहीं पाए। जानकारी होने पर वकीलों का ग़ुस्सा फूट पड़ा।
*अधिवक्ताओं ने पुलिस के खिलाफ की नारेबाजी*
बार एसोसिएशन के महामंत्री लक्ष्मीकांत त्रिपाठी के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने जिला जज की कोर्ट के सामने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरना प्रदर्शन करने लगे। स्थिति तनाव पूर्ण देख जिला जज ब्रजेश कुमार मिश्र ने पुलिस अधीक्षक को फोन करके दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने को कहा। इस पर पुलिस के हांथ पांव फूल गए। करीब डेढ़ घंटे तक तक आरोपी को साथ रखा। इसके बाद पुलिस बैकपपुट पर आई और आरोपित को गाड़ी से कोर्ट परिसर में छोड़ कर चले गए। सीजेएम पूर्णिमा प्रांजल ने पुलिस को फटकार लगाते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है।






