युवक की हत्या, बाइक के नीचे दबा मिला शव

कौशांबी
पिपरी थाना क्षेत्र के चिरला मुंजप्ता गांव के बाहर रविवार की रात बाइक सवार युवक की हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह बाइक के नीचे युवक का शव मिला। मामले में छोटे भाई ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस घटना को संदिग्ध मान रही है।
पिपरी के चिरला मुंजप्ता निवासी महेंद्र सिंह (39) पुत्र गजेंद्र सिंह दो भाइयों में बड़ा था। वह खेती करता था। रविवार रात करीबन नौ बजे वह अपनी मां बुद्धन देवी को यह बताकर निकला कि वह गांजा गांव जा रहा है। हालांकि मां ने बारिश व खराब मौसम को देखते हुए जाने से मना किया था, लेकिन महेंद्र नहीं माना और बाइक लेकर निकल गया। रात करीब 11 बजे महेंद्र के छोटे भाई सचिन ने फोन किया तो उसका मोबाइल बंद था। इससे वह परेशान हो गया। सोमवार सुबह गांव के बाहर चींटा नारा के समीप बाइक के नीचे महेंद्र का शव मिला। सिर पर धारदार हथियार का प्रहार था। इसके अलावा चप्पल अलग मिली। सचिन का कहना था कि बाइक की हैंडिल लॉक थी, चाभी कुछ दूर पर पड़ी थी। यह भी बताया कि बांई पटरी पर हत्या करने के बाद दाहिने साइड बाइक के नीचे शव को फेंका गया है। सचिन ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर पुलिस को दी है। सीओ चायल योगेंद्र कृष्ण नारायण व इंस्पेक्टर श्रवण सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच की। परिजनों से पूछताछ की गई। इसके बाद फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान तमाम चीजों को फोरेंसिक टीम ने घटना की लगभग तस्वीर अपनी रिपोर्ट में साफ भी कर दी है। अब इस मामले में पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद इस मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Comment

Read More