रांची के आदिवासी लड़के का अमेरिका के 5 स्टार होटल में प्लेसमेंट, 18 लाख है पैकेज

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


शिखा श्रेया/रांची. झारखंड के आदिवासी युवा आज देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं. कुछ दिन पहले झारखंड की आदिवासी लड़की रिया तिर्की ने फेमिना मिस इंडिया में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया तो रांची के आदिवासी रोबिन मिंज का सिलेक्शन मुंबई इंडियन्स ने किया. अब एक और अच्छी खबर आई है कि रांची के आदिवासी समुदाय के नवीन निश्चल तिग्गा अमेरिका के टॉप होटल में नौकरी करेंगे.

दरअसल, रांची के इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट से नवीन ने बीएससी इन एच एंड एचए का 3 साल का कोर्स किया है. जिसके बाद उनका प्लेसमेंट अमेरिका के फाइव स्टार होटल एनएम हॉस्पिटैलिटी डीबीए आइजनहावर होटल एंड कॉन्फ्रेंस सेंटर में हुआ है. नवीन का सालाना पैकेज 18 लाख होगा. वह जल्दी ही इस नौकरी के लिए अमेरिका जाएंगे.

बहुत छोटे गांव से ताल्लुक रखते हैं नवीन
नवीन रांची से 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित ब्राम्बे गांव में रहते हैं. अपनी प्राथमिक शिक्षा भी उन्होंने गांव के छोटे सरकारी स्कूल से पूरी की है. इसके बाद होटल मैनेजमेंट कोर्स करने के लिए उन्होंने ब्राम्बे के ही होटल इंस्टिट्यूट को चुना. नवीन की इस सफलता से गांव वाले के चेहरे पर खुशी है व खासकर आदिवासी समुदाय के लोग के लिए काफी फक्र की बात है.

नवीन के पिता ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए इंस्टीट्यूट की सराहना की और कहा कि इंस्टीट्यूट के प्रोफेसर्स ने मेरे बेटे पर काफी मेहनत की है. मैं उनका दिल से शुक्रगुजार हूं. साथ ही मेरा बेटा अमेरिका में नौकरी करेगा, यह हमारे लिए काफी फक्र की बात है. ऐसा कभी सोचा भी नहीं था. आज हमारे समुदाय के लोग भी पढ़ लिखकर काफी आगे बढ़ रहे हैं. पहले के मुकाबले अब पढ़ाई की अहमियत को समझ रहे हैं. यह बहुत अच्छी बात है.

इंडिया के टॉप होटल मैनेजमेंट में से एक है रांची का इंस्टिट्यूट ऑफ़ होटल मैनेजमेंट
इंस्टिट्यूट के प्राचार्य डॉ भूपेंद्र कुमार ने कहा हमारा उद्देश्य इंस्टीट्यूट के जरिए झारखंड की प्रतिभा को निकालना व छात्रों को उत्कृष्ट शिक्षा के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी प्रदान करना है, जो आज हम कर पा रहे हैं. साथ ही पिछले साल की रैंकिंग में बेस्ट होटल मैनेजमेंट की कैटेगरी मे चौथा स्थान हमारे संस्थान को मिला था. इससे साफ है यह संस्थान अपने उद्देश्य को अच्छे से पूरा कर रहा है और आगे भी करता रहेगा.

Tags: Jharkhand news, Latest hindi news, Local18, Ranchi news

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें