
सय्यद कयम रजा/पीलीभीत : उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने के बाद घर के अंदर शव मिलने से हड़कंप मच गया. सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है. वहीं परिवार के लोग युवक की पत्नी पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं दूसरी तरफ मृतक की पत्नी ने अपने ही ससुराल पक्ष के लोगों पर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है.
पत्नी के खिलाफ ससुराल वालों ने दी तहरीर
घटना जिले के न्यूरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले खेड़ा मोहल्ले की है. जहां मोहल्ले के रहने वाले वेल्डर मिस्त्री शाहरुख का शव मंगलवार सुबह घर के अंदर ही जमीन पर पड़ा मिला. सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है. घटना के बाद मृतक की मां सुनहरी बेगम ने मृतक की पत्नी के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
वहीं दूसरी तरफ मृतक की पत्नी ने ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी है. दो तहरीर के बीच पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी गई है. एएसपी अनिल कुमार यादव का कहना है कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है. ऐसे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
वहीं परिजनों की मानें तो मृतक शाहरुख की शादी 7 महीने पहले हुई थी. शादी के बाद से ही शाहरुख अपनी पत्नी के साथ घर से अलग रहता था. मंगलवार सुबह शाहरुख का शव घर के अंदर ही संदिग्ध परिस्थितियों में जमीन पर पड़ा मिला, जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया. फिलहाल युवक की मौत कैसे हुई है पुलिस इस एंगल पर जांच कर रही है.






