
हाइलाइट्स
तीन कंपनियों को सेबी की मंजूरी मिल गई है.
ये तीनों आईपीओ अलग-अलग सेक्टर्स के हैं.
उन्हें 21-23 जून के दौरान नियामक की मंजूरी मिली.
नई दिल्ली. शेयर मार्केट में आईपीओ की बहार आने वाली है. निवेशकों के पास 3 आईपीओ से कमाई का जबरदस्त मौका है. ये तीनों आईपीओ अलग-अलग सेक्टर्स के हैं. इसमें टाटा मोटर्स की सहायक यूनिट टाटा टेक्नोलॉजीज, गांधार ऑयल रिफाइनरी (इंडिया) लिमिटेड और गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी एसबीएफसी फाइनेंस शामिल है. इन तीनों कंपनियों को प्रारंभिक सार्वजनिक पेशकश (आईपीओ) के जरिए पूंजी जुटाने के लिए पूंजी बाजार नियामक सेबी की मंजूरी मिल गई है.
तीनों कंपनियों ने दिसंबर 2022 और मार्च 2023 के बीच सेबी के समक्ष आवेदन किए थे. उन्हें 21-23 जून के दौरान नियामक की मंजूरी मिली. मसौदा दस्तावेज के अनुसार टाटा टेक्नोलॉजीज का आईपीओ पूरी तरह से बिक्री पेशकश के रूप है, जहां कंपनी 9.57 करोड़ इक्विटी शेयर बेचेगी, जो उसकी चुकता शेयर पूंजी का लगभग 23.60 प्रतिशत है. ओएफएस के तहत, टाटा टेक्नोलॉजीज की मूल कंपनी टाटा मोटर्स कंपनी में 8.11 करोड़ शेयर या 20 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचेगी.
गांधार ऑयल – 500 करोड़ जुटाने की उम्मीद
ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस के अनुसार, गांधार ऑयल रिफाइनरी के आईपीओ में प्रमोटरों और मौजूदा शेयरधारकों द्वारा 357 करोड़ रुपये के इक्विटी शेयरों का फ्रेश इश्यू और 1.2 करोड़ शेयरों का ओएफएस शामिल है. बाजार सूत्रों के मुताबिक कंपनी ओएफएस के माध्यम से फंड जुटाने की उम्मीद 500 करोड़ रुपये है.
SBFC को 1200 करोड़ की उम्मीद
गैर-बैंकिंग लेंडर एसबीएफसी फाइनेंस आईपीओ के माध्यम से 1,200 करोड़ रुपये जुटाने का देख रही है जिसमें 750 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी करना और 450 करोड़ रुपये का ओएफएस शामिल है. आपको बता दें कि SBFC, उद्यमियों, छोटे व्यवसाय मालिकों, स्व-रोज़गार और वेतनभोगी व्यक्तियों को सेवाएं प्रदान करता है.
.
Tags: IPO, SEBI, Stock market
FIRST PUBLISHED : June 27, 2023, 17:28 IST






