
मौजूदा वक्त में इंडियन कार मार्केट की अगर कोई कार शहजादी है तो वह है मारुति सुजुकी की बलेनो. यह देश में सबसे ज्यादा बिकने वाली कार भी है. बलेनो प्रीमियम हैचबैक सेग्मेंट की कार है और इसकी प्रतिद्वंद्वी गाड़ियों में हुंडई की i20 और टाटा की अल्ट्रोज शामिल होती हैं. लेकिन, बाजार पर एकाधिकार और जलवे की बात करें तो बलेना का कोई मुकाबला नहीं है. लेकिन, हम आज बलेनो के बारे में बात नहीं कर रहे हैं. दरअसल, बाजार में बलेनो की एक जुड़वां बहन भी है. लुक, साइज, परफॉर्मेंस और सेफ्टी हर मामले में वह बलेनो की जुड़वा है. लेकिन, इसे एक दूसरी कंपनी बनाती है. वह कंपनी मारुति की तरह देश के कार बाजार पर राज तो नहीं करती, लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसका अपना अलग ही जलवा है. यह कंपनी फॉर्च्यूनर और इनोवा जैसी बेहद सफल गाड़ियां बनाती है. अब तो आप समझ ही गए होंगे कि हम किसकी बात कर रहे हैं. इस कंपनी का नाम है टोयोटा. सुजुकी की तरह यह भी जापानी कंपनी है.
दरअसल, सुजुकी और टोयोटा के बीच एक कारोबारी समझौता है. ये दोनों कंपनियां एक दूसरे द्वारा बनाई गई सफल कारों को नए ब्रांड नेम और मामूली परिवर्तन के साथ अपने-अपने आउटलेट के जरिए बेचती हैं. ये दोनों कंपनियां ऐसी कारों के प्लेटफॉर्म शेयर करती हैं. इसी का एक उदाहरण है बलेनो. बलेनो सुजुकी द्वारा बनाई गई एक बेहद सफल कार है. उसने टोयोटा के साथ इस कार का प्लेटफॉर्म शेयर किया और टोयोटा ने इसे ग्लैंजा नाम से बाजार में उतारा. ग्लैंजा और बलेनो दोनों मूल रूप से एक ही कार है. इस कारण इन्हें ट्वीन्स कहा जाता है. टोयोटा ने ग्लैंजा के लुक में मामूली बदलाव किया है. जैसे ग्लैंजा का फ्रंट ग्रील बलेनो से थोड़ा अलग है. इसी तरह इंजेरियर में भी मामूली चेंज है.
जहां तक प्राइस और सर्विस की बात है तो इन दोनों कारों की कीमत में उन्नीस-बीस का अंतर है. जैसे बलेनो बेस मॉडल सिग्मा की एक्स शो रूम कीमत 6.61 लाख है वहीं ग्लैंजा के बेस मॉडल ई1 की एक्स शो रूम कीमत 6.71 लाख है. मॉडल के हिसाब इन दोनों कारों के दाम में 10 से 30 हजार रुपये तक का अंतर आता है. ये दोनों कारें एक ही प्लेटफॉर्म पर बनी है और इसी कारण इन दोनों में सेम इंजन है. इसकी क्षमता 1197 सीसी है. ये कारें 22 किमी प्रति लीटर का माइलेज देती हैं.
ग्लैंजा की धूम
मारुति सुजुकी की बलेनो मौजूदा वक्त की सबसे सफल कार हैं. मई महीने में बलेनो की कुल बिक्री 18,733 यूनिट्स रही. वहीं टोयोटा की ग्लैंजा भी धूम मचा रखी है. फॉर्च्यूनर और इनोवा जैसी गाड़ियां बनाने वाली टोयोटा ने मई महीने में कुल 19379 यूनिट्स की बिक्री की. इसमें एक चौथाई से अधिक ग्लैंजा थी. मई में ग्लैंजा की कुल 5179 यूनिट्स की बिक्री हुई. मई में ग्लैंजा से अधिक बिकने वाली टोयोटा की एक मात्र कार इनोवा थी. उसकी 7776 यूनिट्स की बिक्री हुई.
बाजार में ग्रैंड विटारा की भी है जुड़वां
टोयोटा और सुजुकी ने मिलकर ही ग्रैंड विटारा को डिजाइन किया है. यह 1500 सीसी की कार भी बेहद सफल है. टोयोटा इसे हाईराइडर (Hyryder) नाम से बेच रही है. इसके कई मॉडल हैं. यह एक फुली हैब्रिड कार है. इसके अलावा टोयोटा की इनोवा हाइक्रॉस को नए अवतार में मारुति सुजुकी इनविक्टो (Invicto) नाम से बाजार में ला रही है. 19 जून से इसकी बुकिंग शुरू हो चुकी है.
.
Tags: Toyota Glanza
FIRST PUBLISHED : June 27, 2023, 16:32 IST






